स्पर्श शाह पीएम मोदी के सामने आज राष्ट्रगान गाएंगे
- फोटो : Twitter
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए अमेरिका के ह्यूस्टन में विशाल कार्यक्रम हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और डोनाल्ड ट्रंप तो इस कार्यक्रम का मुख्य चेहरा होंगे ही, इसके अलावा 16 साल का भारतीय मूल का एक किशोर स्पर्श शाह भी खूब चर्चा में है। एक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित स्पर्श कार्यक्रम में भारतीय राष्ट्रगान गाएंगे। वह प्रधानमंत्री से मिलने को लेकर काफी उत्साहित हैं।
शाह एक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है जिसका नाम ऑस्टियोजिनेसिस इम्पर्फेक्टा या ब्रिटल बोन डिसीज है। इस बीमारी में हड्डियां काफी कमजोर होती हैं जो आसानी से टूट सकती हैं। इसी कारण स्पर्श व्हीलचेयर पर रहने को मजबूर है। इसके बावजूद उसने अपनी बीमारी को अपनी रचनात्मकता के बीच में नहीं आने दिया। वह एक रैपर, गायक, गीतकार और मोटीवेशनल स्पीकर है।
स्पर्श अमेरिका के न्यू जर्सी में रहते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार शाह की अब तक 130 हड्डियां टूट चुकी है। वह अगला एमिनेम (मशहूर रैपर) बनना चाहते हैं और करोड़ों लोगों के सामने परफॉर्म करना चाहते हैं। स्पर्श की जिंदगी और बीमारी से उनकी लड़ाई पर आधारित डॉक्यूमेंट्री 'ब्रिटल बोन रैपर मार्च' 2018 में रिलीज हुई है। शाह इस बात से बहुत खुश हैं कि उन्हें आखिरकार प्रधानमंत्री मोदी से मिलने का मौका मिलेगा।
शाह ने कहा, 'मेरे लिए इतने सारे लोगों के सामने गाना बहुत बड़ी बात है। मैं राष्ट्रगान जन गण मन गाने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। मैंने पहली बार मेडिसन स्क्वायर गार्डन में मोदीजी को देखा था। मैं उनसे मिलना चाहता था लेकिन मैं उन्हें केवल टीवी पर ही देख पाया था। अब भगवान की कृपा से मैं उनसे मिलने वाला हूं। मैं राष्ट्रगान गाने को लेकर बहुत खुश हूं।'
स्पर्श उस समय लोगों की नजर में आए थे जब उन्होंने एमिनेम के गाने 'नॉट अफ्रेड' को कवर करते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इसे ऑनलाइन 65 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले थे। इसपर एमिनेम के रिकॉर्ड लेबल का भी ध्यान गया था। जिसने स्पर्श के बारे में ट्वीट किया जो वायरल हो गया। वह अबतक बहुत सारे प्रेरक उपदेश दे चुके हैं, जिसने करोड़ों को इम्पॉसिबल (असंभव) को आई एम पॉसिबल (मैं सभव हूं) में बदलने की प्रेरणा दी। वह यूके टीवी के शो 'बिग शॉट्स लिटिल शॉट्स' में नजर आ चुके हैं।