भारत की ओर जा रहे मालवाहक जहाज एमवी केप डाओ पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। भारतीय दूतावास ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। हमले में जहाज पर सवार अन्य लोगों की सुरक्षा को लेकर दूतावास ओमानी अधिकारियों के संपर्क में है।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि वह घटना पर लगातार नजर रख रहा है। जहाज पर कुल 19 भारतीय नागरिक सवार थे। दूतावास ने कहा कि एक भारतीय नागरिक की मौत से वह बेहद दुखी है और मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता है।
हमले की किसी ने भी नहीं ली जिम्मेदारी
दूतावास ने बताया कि वह आरपीएसएल के साथ समन्वय कर रहा है और मृतक के परिवार के भी संपर्क में है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एमवी केप डाओ पर हमला किसने किया। दूतावास ने कहा कि सभी चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर ओमानी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बना हुआ है।
मृतक की पहचान आई सामने
फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (एफएसयूआई) ने एक्स पर एक पोस्ट में मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी सुरज यादव के रूप में की। वह जहाज पर वाइपर के पद पर तैनात थे। यूनियन ने कहा, "एक और भारतीय नाविक की मौत हो गई।" संगठन ने बताया कि भारत की ओर जाते समय एमवी केप डाओ पर हमला होने के बाद यादव की मौत हुई।
एफएसयूआई ने दावा किया है कि जहाज पर कुल 28 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें 20 भारतीय थे। हालांकि, यह संख्या भारतीय दूतावास की ओर से बताई गई 19 भारतीय नागरिकों की संख्या से अलग है।
जहाज पर हमले को लेकर एफएसयूआई ने किया क्या दावा?
एफएसयूआई के मुताबिक, जहाज पर दो टॉरपीडो से हमला किया गया। इनमें से एक टॉरपीडो जहाज के सी-डेक के आवासीय हिस्से के बाईं ओर लगा, जबकि दूसरा इंजन रूम के पास बाईं ओर के बाहरी हिस्से से टकराया।
यूनियन ने कहा कि इस हमले से होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास नागरिक नाविकों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। संगठन ने तत्काल जवाबदेही तय करने, सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने और यादव समेत अब भी खतरे में मौजूद अन्य भारतीय नाविकों के लिए न्याय की मांग की। एफएसयूआई ने कहा, "आश्वासन का कोई मतलब नहीं है। होर्मुज और उसके आसपास निर्दोष नागरिक नाविकों की हत्या की जा रही है।"