अमेरिकी सरकार ने विदेशी ट्रक ड्राइवरों को वीजा देने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने गुरुवार को इसका एलान कर दिया। दरअसल अमेरिका में एक भारतीय ट्रक ड्राइवर की लापरवाही से भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद अमेरिका में विदेशी ट्रक ड्राइवरों के खिलाफ माहौल बन गया है और इस घटना ने राजनीतिक रंग ले लिया है।
विदेशी ट्रक ड्राइवरों को वीजा जारी होने पर लगी रोक
मार्को रूबियो ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि 'तत्काल प्रभाव से कमर्शियल ट्रक ड्राइवरों को जारी होने वाले वीजा पर रोक लगाई जाती है। अमेरिका की सड़कों पर विदेशी ट्रक ड्राइवरों की संख्या बढ़ती जा रही है और ये ट्रक और ट्रेलर चालक अमेरिकी लोगों की जान खतरे में डाल रहे हैं और साथ ही अमेरिकी ट्रक चालकों की आजीविका में भी सेंध लगा रहे हैं।'
भारतीय ट्रक ड्राइवर की लापरवाही से हुआ हादसा
दरअसल फ्लोरिडा के राजमार्ग पर एक भारतीय ट्रक ड्राइवर ने गलत तरीके से यू-टर्न लिया, जिससे एक कार ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। आरोपी ट्रक ड्राइवर की पहचान हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है, जो मेक्सिको के जरिए अवैध तरीके से अमेरिका में दाखिल हुआ था। संघीय अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ट्रक ड्राइवर अंग्रेजी परीक्षण में भी असफल रहा। अमेरिका में इस मामले की काफी चर्चा हो रही है क्योंकि यह घटना फ्लोरिडा में हुई, जो सत्ताधारी रिपब्लिकन पार्टी का गढ़ है। साथ ही रिपब्लिकन पार्टी का अवैध अप्रवासियों पर रुख सख्त रहा है।
इस मुद्दे पर गरमाई अमेरिकी राजनीति
अब आरोपी भारतीय ट्रक ड्राइवर को अमेरिका से निर्वासित करने की तैयारी हो रही है। इस मामले में राजनीति होने की वजह ये है कि हरजिंदर सिंह को ट्रक ड्राइवर का लाइसेंस कैलिफोर्निया से मिला, जो कि डेमोक्रेट पार्टी का गढ़ है। अब ट्रंप प्रशासन का आरोप है कि कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम, हरजिंदर सिंह को ड्राइविंग लाइसेंस देने के जिम्मेदार हैं। हालांकि न्यूसम ने ट्रंप की संघीय सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।