माइकल कुगेलमैन, अमेरिकी विदेश नीति लेखक और विशेषज्ञ
- फोटो : ANI
अमेरिका के मशहूर विदेश नीति विशेषज्ञ माइकल कुगेलमैन ने पाकिस्तान के खिलाफ भारत की कार्रवाई 'ऑपरेशन सिंदूर' की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय नेतृत्व ने मजबूती, आत्मविश्वास और ताकत के साथ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में जो आतंकवादी हमला हुआ, वह पहले से अलग और बेहद खौफनाक था। इसमें 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या कर दी गई, जिनमें से अधिकतर हिंदू थे। उन्होंने कहा, 'इस हमले का भारत पर बहुत गहरा और दर्दनाक असर पड़ा, जो पहले की घटनाओं में नहीं देखा गया था। यही वजह रही कि भारत सरकार और जनता दोनों ने इस बार मजबूत और करारा जवाब देने की मांग की।'
यह भी पढ़ें -
ISRO: 'सुरक्षा के लिए 10 उपग्रह लगातार कर रहे निगरानी', भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम के बीच इसरो चीफ का बयान
'1971 के युद्ध के बाद सबसे तेज हवाई हमला'
उन्होंने बताया कि भारत की तरफ से पाकिस्तान में की गई हवाई हमले इतने जबरदस्त थे, जितने 1971 के युद्ध के बाद कभी नहीं देखे गए। कुगेलमैन ने कहा, 'यह एक बड़ा फर्क है और यही कारण है कि वॉशिंगटन, लंदन, यूरोपीय यूनियन और खाड़ी देशों की राजधानियों में भी इस संकट को लेकर काफी चिंता थी।' उन्होंने भारत और पाकिस्तान के नेतृत्व की तुलना करते हुए कहा कि भारत की मोदी सरकार ने 2016, 2019 और अब इस बार भी एक जैसी रणनीति अपनाई है - यानी तुरंत और सख्ती से पलटवार करना, ताकत और आत्मविश्वास दिखाना।
क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
ऑपरेशन सिंदूर 7 मई को शुरू किया गया था, जब पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंक के ठिकानों पर जोरदार हमला किया। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना के तीनों अंग- थलसेना, वायुसेना और नौसेना - ने मिलकर कार्रवाई की।
यह भी पढ़ें -
Operation Sindoor: 'सेना ने अदम्य साहस के साथ आतंकियों को मिट्टी में मिलाया', ऑपरेशन पर BJP का पहला बयान
रविवार को दिल्ली के नेशनल मीडिया सेंटर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने ऑपरेशन के नतीजों की जानकारी दी। एयर मार्शल एके भारती ने बताया कि इस ऑपरेशन में 100 से ज्यादा आतंकवादियों को मार गिराया गया और पाकिस्तान के 11 एयरबेस तबाह कर दिए गए। उन्होंने कहा, 'हमने अपने लक्ष्य पूरे किए हैं और यह बात अब दुनिया के सामने है।' उन्होंने कहा कि भारत के पास पाकिस्तान के हर ठिकाने को निशाना बनाने की पूरी ताकत है और हमने यह साबित कर दिया है।
पाकिस्तान को दी गई सख्त चेतावनी
वहीं प्रेस ब्रिफिंग के दौरान वाइस एडमिरल एएन प्रमोद ने पाकिस्तान को खुली चेतावनी देते हुए कहा, 'इस बार अगर पाकिस्तान ने कोई हरकत की, तो उसे अच्छे से पता है कि भारत क्या करने वाला है। बस इतना ही कहना काफी है।' भारतीय सेना ने इस पूरे ऑपरेशन को सावधानी और रणनीति के साथ अंजाम दिया ताकि आम नागरिकों को कोई नुकसान न पहुंचे। समुद्र, जमीन और आसमान तीनों मोर्चों पर भारत ने पाकिस्तान की सैन्य ताकत को करारा झटका दिया।