संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले एक 47 साल के भारतीय प्रवासी की लॉटरी लगी है। दुबई में रहने वाले टेक्नीशियन सचिन ने 139वें महजूज सुपर सैटरडे का शीर्ष पुरस्कार जीता है। इस साप्ताहिक ड्रा में उन्हें 20 मिलियन दिरहम (लगभग 45 करोड़ रुपये) मिले हैं। वहीं, एक अन्य भारतीय ने भी एक मिलियन दिरहम का ईनाम जीता है। इसके बाद इस ड्रा के माध्यम से करोड़पति का दर्जा हासिल करने वाले भारतीयों की संख्या बढ़ कर 20 हो गई है।
मुंबई के रहने वाले हैं सचिन
गौरतलब है कि सचिन मूल रूप से मुंबई के रहने वाले हैं। वे 25 सालों से दुबई में अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहते हैं। ड्रॉ जीतने के बाद सचिन ने बताया कि मैं हर हफ्ते महजूज में भाग लेता रहा हूं। मै हमेशा बड़ी जीत की उम्मीद करता था। अब यह जीत मेरे और मेरे परिवार का जीवन बदल देगी।
गौतम ने भी जीते 2.25 करोड़ रुपये
इसके साथ ही एक अन्य भारतीय प्रवासी गौतम ने भी ड्रॉ से एक मिलियन दिरहम (लगभग 2.25 करोड़ रुपये) का पुरस्कार जीता है। जानकारी के मुताबिक, गौतम को शनिवार को एक ईमेल के जरिए अपनी जीत का पता चला। 27 वर्षीय प्रोजेक्ट इंजीनियर गौतम ने बताया कि जब उन्हें इसके बारे में पता चला तो वह बहुत खुश हुए। उन्होंने बताया कि वह चार साल से संयुक्त अरब अमीरात में रह रहे हैं और एक साल से महजूज में भाग ले रहे हैं। अपनी जीत से रोमांचित गौतम ने कहा कि जीते हुए रुपयों से वह अपने गृहनगर में घर बनाएंगे।
वहीं, साप्ताहिक ड्रॉ में दो भारतीयों के जीत हासिल करने पर महजूज के प्रबंध संचालक सुजैन काजी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक ही ड्रॉ में भारत के दो भाग्यशाली विजेताओं को देखना कोई आश्चर्य की बात नहीं है।