पांचवे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर देश में नहीं बल्कि विदेश में भी तैयारियां जोरों से शुरू हो चुकी हैं। रविवार को काठमांडू में स्थित भारतीय दूतावास ने योग कार्यक्रम का आयोजन किया। नेपाल के नामचे बाजार से माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप तक लोगों ने योगाभ्यास किया।
दूतावास ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य दैनिक जीवन में योग के महत्व को उजागर करना और राष्ट्रों और लोगों के बीच शांति और सद्भाव लाना था। दूतावास ने बयान में बताया कि नेपाल में मौजूद भारतीय उच्चायोग मंजीव सिंह पुरी सहित इस आयोजन में स्थानीय लोगों, विभिन्न महिला और युवा संगठनों के सदस्य, सागरमाथा राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारी और विदेशी पर्यटकों ने भाग लिया।
इसके अलावा पहली बार माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप में योग दिवस मनाया गया। समुद्र से 17,600 फीट की ऊंचाई पर गुजरात के पर्वातारोही भारत शर्मा ने अन्य पर्वतारोहियों के साथ दुनिया की सबसे ऊंची चोटी के बेस पर योगाभ्यास करके इतिहास रच दिया। 21 जून को दुनियाभर में योग दिवस मनाया जाएगा। इसकी शुरुआत 2015 में हुई थी। योग दिवस की अवधारणा को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में 27 सितंबर, 2014 को अपने भाषण के दौरान प्रस्तावित किया था।