दुबई में छुट्टी में बिताने गए एक भारतीय व्यवसायी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह पहली बार छुट्टियां बिताने विदेश गए थे। गल्फ न्यूज के अनुसार पंजाब के रहने वाले नेम चंद जैन (61) और उनकी पत्नी रोजी दो जनवरी को दुबई पहुंचे थे। वह देश के विभिन्न हिस्सों से जैन समुदाय के 18 पर्यटकों के समूह में शामिल थे।
खबरों के मुताबिक, पर्यटकों का यह समूह जिस होटल में रूका था, उसके स्विमिंग पूल में तैरने के दौरान रविवार को जैन ने बेचैनी की शिकायत की। इस दौरे के आयोजक सुनील जैन के हवाले से खबर में कहा गया है वह पूल से बाहर आए और थकान व बेचैनी की शिकायत की।
उनकी पत्नी ने उन्हें कमरे में चलने और चाय पीने के लिए कहा, लेकिन वह कमरे में नहीं जा सके और सीढियों पर चढ़ने से पहले ही बेहोश होकर गिर गए। उन्होंने बताया कि थोड़ी ही देर में एम्बुलेंस आ गई और उन्हें नहीं बचाया जा सका।