पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के पोते की जैद हुसैन नवाज की शादी हाल ही में धूमधाम से लाहौर में हुई है। वहीं पीएमएल-एन के एक नेता ने बताया की इस शादी में कई भारतीय बिजनेस समेत 700 लोगों ने शिरकत की है। लाहौर में इस शादी समारोह में पहुंचे मेहमानों की सुरक्षा के लिए जति उमरा और उसके आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
भारतीय उद्योगपति सज्जन जिंदल अपने परिवार के साथ लाहौर में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के पोते की शादी में शामिल हुए हैं। पीएमएल-एन के एक नेता ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि जेएसडब्ल्यू स्टील के प्रबंध निदेशक सज्जन जिंदल उन 700 स्थानीय और विदेशी मेहमानों में शामिल थे, जिन्होंने रविवार को लाहौर में नवाज शरीफ के पोते जैद हुसैन नवाज के जाति उमरा रायविंड आवास में शादी समारोह में हिस्सा लिया है।
विज्ञापन
जिंदल परिवार के शरीफ परिवार के साथ मजबूत संबंध
पाकिस्तान में सत्तारूढ़ दल पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि इस शादी में कई अन्य भारतीय भी शामिल हुए हैं। बता दें कि, जिंदल परिवार के शरीफ परिवार के साथ मजबूत संबंध हैं और कथित तौर पर जिंदल परिवार ने नवाज शरीफ के बेटे हुसैन नवाज को खाड़ी में स्टील मिल स्थापित करने में मदद की थी।
विशेष विमान से मुंबई से लाहौर पहुंचा था जिंदल परिवार
शरीफ परिवार ने भारतीय मेहमानों, खासकर सज्जन जिंदल परिवार के एक दिवसीय दौरे को कम महत्वपूर्ण रखा। जानकारी के मुताबिक, जिंदल परिवार विशेष विमान से मुंबई से लाहौर पहुंचा था। वहीं मेहमानों की सुरक्षा के लिए जति उमरा और उसके आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
विज्ञापन
1930 में अनंतनाग से लाहौर गए थे मुहम्मद शरीफ
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि, नवाज शरीफ का परिवार मूलत: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग का रहने वाला है। 1930 के दशक में नवाज शरीफ के पिता मुहम्मद शरीफ अमृतसर के जाति उमरा में आकर बस गए। फिर देश के बंटवारे के दौरान उनका पूरा परिवार लाहौर जाकर बस गया। नवाज शरीफ एक व्यवसायी परिवार से राजनीति में आने पहले शख्स थे, उसके बाद परिवार के अन्य लोगों ने राजनीति में कदम रखा है। इसमें छोटे भाई शहबाज शरीफ पाकिस्तान के मौजूदा प्रधानमंत्री हैं, वहीं नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री हैं।