खालिस्तानी चरमपंथियों द्वारा हिंदू समुदाय के लोगों पर हमला करने की घटना के बाद कनाडा सरकार आलोचकों के निशाने पर आ गई है। भारत, कनाडा के नेताओं के बाद अब भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद श्री थानेदार ने भी कनाडा सरकार की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कनाडा सरकार हिंदू समुदाय की सुरक्षा करने में विफल रही है, जबकि वहां हिंदू समुदाय को निशाना बनाने की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
'हिंदुओं पर हमला साफ तौर पर आतंकी घटना'
भारतीय अमेरिकी सांसद ने कनाडा में हिंदुओं पर हमले की घटना को लेकर कहा कि 'कनाडा सरकार इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है। वे एक खास वर्ग को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं। हिंदुओं पर हमला साफ तौर पर आतंकी घटना है। कनाडा सरकार को इन आतंकी गतिविधियों से लोगों की सुरक्षा करनी चाहिए।'
हिंदू सभा मंदिर के बाहर हुआ हमला
गौरतलब है कि रविवार को कनाडा के ब्रैंपटन में एक हिंदू मंदिर के बाहर खालिस्तानी चरमपंथियों ने हिंदू समुदाय के लोगों पर हमला किया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खालिस्तानी हिंदू समुदाय के लोगों पर हमला करते नजर आ रहे हैं। कनाडा के नेता विपक्ष समेत कई सांसदों ने इस घटना की आलोचना की है। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भी चौतरफा आलोचना के बाद बयान जारी कर घटना की निंदा की और कहा कि धार्मिक स्वतंत्रता कनाडा के लोगों का संवैधानिक अधिकार है और हिंदू सभा मंदिर में हुई घटना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।
घटना को लेकर घिरी कनाडा सरकार
थानेदार ने कहा कि कनाडा की सरकार को हिंदू अल्पसंख्यकों के मानवाधिकारों की रक्षा करनी चाहिए और उन्होंने कनाडा की घटना की बांग्लादेश की घटनाओं से तुलना की। कनाडा के हिंदू समुदाय में रविवार की घटना को लेकर भारी नाराजगी है। वहीं कनाडा के ओंटारियो की सिख गुरुद्वारा समिति ने भी घटना की निंदा की और सरकार से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कनाडा स्थित भारतीय उच्चायोग ने भी बयान जारी कर रविवार को घटना के लिए कनाडा सरकार से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।