कोविड-19 महामारी की वजह से मालदीव की कमजोर हो रही अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने और आर्थिक सुधार के लिए भारत जल्द ही एक वित्तीय सहायता पैकेज देने की घोषणा करेगा। मालदीव के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय उच्चायुक्त संजय सुधीर ने रविवार को यहां एक संदेश में कहा कि नई दिल्ली और माले की दोस्ती ऐतिहासिक है और बेहतर भविष्य के लिए हम एक दूसरे के साथ हैं।
सुधीर ने कहा कि इन कोविड काल के दौरान भारत ने मालदीव सरकार को चिकित्सा आपूर्ति, आवश्यक खाद्य आपूर्ति, वित्तीय सहायता आदि के रूप में हर संभव सहायता प्रदान की है। बयान के अनुसार भारत, मालदीव को नगदी संकट से उबारने के लिए मुद्रा विनिमय व्यवस्था के जरिये 40 करोड़ डॉलर की सहायता उपलब्ध कराएगा।
महामारी की वजह से मालदीव की अर्थव्यवस्था को हुए नुकसान को देखते हुए आर्थिक सुधार के तौर पर सहायता के लिए भारत जल्द ही वित्तीय सहायता पैकेज की घोषणा करेगा। भारत सरकार की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ पॉलिसी के तहत मालदीव की हर मुश्किल घड़ी में देश ने साथ दिया है।
वहीं, मालदीव की ‘इंडिया फर्स्ट’ पॉलिसी ने भी संबंधों को और मजबूत किया है। मालदीव के स्वतंत्रता दिवस पर, भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सालेह को पत्र लिखकर बधाई दी। उच्चायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस पर सरकार और मालदीव के लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।