पीयूष गोयल और अमेरिकी उप विदेश मंत्री रिचर्ड वर्मा
- फोटो : ANI
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को दिल्ली में अमेरिका के उप विदेश मंत्री रिचर्ड वर्मा से मुलाकात की। दोनों देशों के साझा व्यापार संबंधों पर चर्चा हुई। गौरतलब है कि रिचर्ड वर्मा 18-23 फरवरी तक तीन देशों भारत, मालदीव और श्रीलंका की यात्रा पर हैं।
पीयूष गोयल ने इस बैठक की अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए तस्वीरें साझा कीं। साथ ही लिखा, 'अमेरिका के प्रबंधन और संसाधन राज्य उप सचिव रिचर्ड आर. वर्मा से मिलकर खुशी हुई।' उन्होंने आगे लिखा, 'अधिक सहयोग और विकास के नए अवसर तलाशने के लिए भारत-अमेरिका व्यापार और निवेश संबंधों को और मजबूत करने के लिए सार्थक चर्चा हुई।'
बता दें कि रिचर्ड वर्मा की यात्रा का उद्देश्य अमेरिका और इनमें से प्रत्येक हिंद-प्रशांत साझेदार के बीच सहयोग को मजबूत करना है। अमेरिकी विदेश विभाग ने बताया, 'रिचर्ड आर वर्मा इंडो-पैसिफिक भागीदारों में से प्रत्येक के साथ अमेरिका के सहयोग को मजबूत करने के लिए 18-23 फरवरी को भारत, मालदीव और श्रीलंका की यात्रा करेंगे'।
भारत के बाद मालदीव का करेंगे रुख
भारत की अपनी यात्रा समाप्त करने के बाद, रिचर्ड वर्मा वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने, आर्थिक सहयोग बढ़ाने और समुद्री सुरक्षा को बढ़ावा देने में साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के लिए मालदीव की यात्रा करेंगे। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, वह माले में नए अमेरिकी दूतावास के लिए नियोजित कार्यालय स्थल का भी दौरा करेंगे।
रिचर्ड वर्मा का श्रीलंका की यात्रा करने और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करने का भी कार्यक्रम है। इसमें अमेरिका-श्रीलंकाई रक्षा और समुद्री सुरक्षा सहयोग पर चर्चा होगी।