क्वाड हिंद प्रशांत क्षेत्र में नियम आधारित व्यवस्था को मजबूत बनाने का इच्छुक है
अमेरिका का कहना है कि भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका का समूह क्वाड कोई गठबंधन नहीं है बल्कि ऐसे देशों का समूह है जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में नियम आधारित व्यवस्था को मजबूत बनाने के इच्छुक हैं। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की आक्रामकता का मुकाबला करने के लिए लंबे समय से लंबित इस प्रस्ताव को 2017 में चारों देशों ने अमलीजामा पहनाया था। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि क्वाड में ऐसा कुछ भी नहीं है, जो इसे गठबंधन बनाता हो। अभी वह रूप नहीं दिया गया है। इसमें शामिल देशों के बीच अभी कोई पारस्परिक दायित्व नहीं है। यह वैसा संगठन भी नहीं है जो सदस्यता का अनुरोध करता हो। उन्होंने कहा कि अक्तूबर में टोक्यो में आयोजित क्वाड मंत्रिस्तरीय वार्ता ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लोकतांत्रिक देशों के बीच मजबूत संबंधों को प्रदर्शित किया। उन्होंने कहा कि यह ऐसे देशों का समूह है जो नियम आधारित व्यवस्था चाहते हैं जिसमें सभी देश संप्रभु, मजबूत और समृद्ध हों। यह वैसे देशों का समूह है जो दायित्वों से ज्यादा साझा हितों और मूल्यों को लेकर आगे बढ़ता है। यह प्रभावी बहुपक्षवाद का एक उदाहरण है।