UK: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ब्रिटिश समकक्ष डेविड लैमी से मुलाकात की और भारत-ब्रिटेन संबंधों पर चर्चा की। दोनों ने व्यापार, रणनीतिक सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने ब्रिटिश समकक्ष डेविड लैमी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने भारत-ब्रिटेन संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा हुई। इस बातचीत में व्यापार समझौते, रणनीतिक सहयोग और राजनीतिक संबंध शामिल थे। यह बैठक केंट में स्थित शेवेनिंग हाउस में दो दिनों तक चली। लैमी ने जयशंकर की मेजबानी की। दोनों नेताओं ने रूस-यूक्रेन संघर्ष सहित कई वैश्विक मुद्दों पर भी सलाह-मशविरा किया।
विज्ञापन
सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में दोनों नेताओं को ऐतिहासिक 17वीं सदी के शेवेनिंग हाउस का दौरा करते और उसके बगीचों में टहलते हुए गहन बातचीत में मशगूल देखा गया। इस मुलाकात और बातचीत के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया कि बातचीत व्यापक और उत्पादक रही। उन्होंने कहा कि इस दौरान व्यापार, शिक्षा, प्रौद्योगिकी और लोगों के आपसी संबंधों जैसे विषयों पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने अपने संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए आगे की रूपरेखा पर सहमति जताई।
छह दिवसीय दौरे में कई उच्च स्तरीय बैठकें करेंगे जयशंकर
इसके अलावा, उन्होंने यूक्रेन संघर्ष, पश्चिम एशिया, बांग्लादेश और कॉमनवेल्थ जैसे क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी बात की। जयशंकर ने कहा कि आज की अस्थिर दुनिया में भारत-यूके संबंध स्थिरता और समृद्धि लाने में योगदान देते हैं। जयशंकर मंगलवार शाम अपनी पत्नी क्योको जयशंकर संग शेवनिंग हाउस पहुंचे थे। जयशंकर अपनी छह दिवसीय इस यात्रा के दौरान यूके और आयरलैंड में कई उच्च स्तरीय बैठकें करेंगे, विदेश नीति से जुड़े मामलों पर चर्चा करेंगे और भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात करेंगे।
विज्ञापन
जयशंकर की यात्रा से मजबूत होंगे भारत-ब्रिटेन संबंध: विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा है कि इस यात्रा से दोनों देशों के संबंधों को और मजबूती मिलेगी। बुधवार को विदेश मंत्री ने चैथम हाउस के रूप में मशहूर लंदन के रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स में भारत का उदय और विश्व में भूमिका विषय पर वार्तालाप सत्र में भाग लिया। चैथम हाउस की निदेशक और मुख्य कार्यकारी ब्रोनवेन मैडॉक्स उनसे बातचीत की। इसमें भारत की विदेश नीति और यूक्रेन तथा मध्य पूर्व जैसे प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर भारत की स्थिति पर बात हुई।