तेल पाइपलाइन का परीक्षण सफल, अगले माह मोदी-ओली करेंगे उद्घाटन
भारत और नेपाल ने 325 करोड़ रुपये की लागत वाली मोतिहारी-अमलेखगंज तेल पाइपलाइन का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस परियोजना का वाणिज्यिक रूप से परिचालन अगले महीने से शुरू करने की तैयारी है।
कुल 70 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन परियोजना का सबसे पहले 1996 में प्रस्ताव किया गया। हालांकि, परियोजना को वास्तविक रूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2014 में हुई काठमांडू यात्रा के बाद मिला।
परियोजना का उद्घाटन दोनों देशों के प्रधानमंत्री करेंगे। हालांकि, परियोजना के आधिकारिक उद्घाटन की तारीख अभी तय नहीं है लेकिन विदेश मंत्रालय और नेपाल ऑयल कारपोरेशन ने इस बात की पुष्टि की है कि दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के उद्घाटन को लेकर जमीनी स्तर पर कार्य जारी है। यह अगस्त के पहले सप्ताह में हो सकता है।