पीएम मोदी बुधवार को नामीबिया दौरे पर रहेंगे
- फोटो : पीटीआई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को नामीबिया दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी के दौरे को लेकर नामीबिया में भारत के उच्चायुक्त राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि भारत, नामीबिया से यूरेनियम आयात करने पर विचार कर रहा है। साथ ही नामीबिया में जो हाल ही में तेल और गैस की खोज हुई है, उसमें भी भारत सरकार की रुचि है। भारतीय उच्चायुक्त ने कहा कि भारत की नामीबिया के महत्वपूर्ण खनिजों में भी रुचि है। दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक रूप से अच्छे संबंध रहे हैं।
महत्वपूर्ण खनिजों और यूरेनियम पर होगी बात
भारतीय उच्चायुक्त ने कहा कि भारत और नामीबिया के बीच अच्छे संबंध रहे हैं और भारत उन शुरुआती देशों में है, जिसने नामीबिया की आजादी के बाद उसका समर्थन किया था। दोनों देशों के अच्छे आर्थिक संबंध भी हैं। भारतीय प्रधानमंत्री 27 साल के बाद नामीबिया का दौरा कर रहे हैं। यही वजह है कि इस दौरे को लेकर काफी उत्सुकता है। पीएम मोदी के नामीबिया दौरे पर भारतीय उच्चायुक्त ने कहा कि 'हमारे पास कई ऐसे मुद्दे हैं जिन पर हम चर्चा करना चाहते हैं, मुख्य रूप से व्यापार और निवेश के बारे में। हम नामीबिया में महत्वपूर्ण खनिजों में रुचि रखते हैं और हमारे कुछ सार्वजनिक उपक्रम यहां निवेश करना चाहेंगे। हम नामीबिया से भारत को यूरेनियम निर्यात करने पर विचार कर रहे हैं और नामीबिया में हाल ही में तेल और गैस की खोज हुई है, यह भी हमारी रुचि का क्षेत्र है। हम रक्षा सहयोग के बारे में भी चर्चा करेंगे क्योंकि नामीबिया भारत से रक्षा उपकरण खरीदने का इच्छुक है। क्षमता निर्माण भारत-नामीबिया संबंधों के महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक है जिसे बढ़ावा दिया जाएगा।'
ये भी पढ़ें-
Brazil Highest Civilian Award: पीएम मोदी को ब्राजील का सर्वोच्च सम्मान; राष्ट्रपति सिल्वा ने किया सम्मानित
प्रोजेक्ट चीता 2 पर होगी बात
प्रधानमंत्री मोदी नामीबिया की राजकीय यात्रा पर हैं, जहां वे नामीबिया के राष्ट्रपति नेटुम्बो नंदी-नदैतवा के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। पीएम मोदी नामीबिया के संस्थापक डॉ. सैम नुजोमा के स्मारक पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी नामीबिया की संसद को भी संबोधित करेंगे और भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री नामीबिया के एक दिवसीय दौरे पर हैं, जो काफी व्यस्त रहेगा। नामीबिया के विदेश मंत्री प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को ब्राजील की अपनी दो दिवसीय यात्रा समाप्त करने के बाद नामीबिया के लिए रवाना हुए। वह राष्ट्रपति नेटुम्बो नंदी-नदैतवा के निमंत्रण पर राजकीय यात्रा के लिए नामीबिया जा रहे हैं। यह प्रधानमंत्री मोदी की नामीबिया की पहली यात्रा होगी और किसी भारतीय प्रधानमंत्री की तीसरी नामीबिया यात्रा होगी। श्रीवास्तव ने कहा कि दोनों देशों में चीतों के बारे में भी चर्चा हो सकती है। भारतीय उच्चायुक्त ने कहा कि भारत में चीते अच्छी तरह से पनप रहे हैं, लेकिन उनकी संख्या अभी पारिस्थितिकी संतुलन के लिए पर्याप्त नहीं है। हमें और अधिक चीतों की आवश्यकता है, इसलिए मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री की यात्रा में निश्चित रूप से प्रोजेक्ट चीता 2 पर भी बात होगी।