किर्गिस्तान दौरे पर गए एनएसए अजीत डोभाल ने गुरुवार को बिश्केक में कजाखिस्तान की सुरक्षा परिषद के सचिव गिजात नौरदौलेतोव से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने आतंकवाद, कट्टरपंथ, नशा तस्करी और उग्रवाद जैसी साझा चुनौतियों पर चर्चा की और क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने पर सहमति जताई।
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल इन दिनों किर्गिस्तान के दौरे पर हैं। जहां गुरुवार 16 अक्तूबर को उन्होंने राजधानी बिश्केक में कजाकिस्तान की सुरक्षा परिषद के सचिव गिजात नौरदौलेतोव से मुलाकात की। इस बात की जानकारी बिश्केक स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के माध्यम से दी।
विज्ञापन
दूतावास ने बताया कि इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-कजाकिस्तान के बीच सुरक्षा सहयोग की समीक्षा की और आतंकवाद, कट्टरपंथ, नशा तस्करी और उग्रवाद जैसी साझा चुनौतियों से निपटने के उपायों पर चर्चा की। इसके अलावा, क्षेत्रीय सुरक्षा हालात पर भी विचार-विमर्श हुआ और दोनों पक्षों ने बहुपक्षीय सुरक्षा मंचों में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।