व्हाइट हाउस में द्विपक्षीय वार्ता के बाद राष्ट्रपति बाइडन के साथ साझा बयान के दौरान जलवायु परिवर्तन के संबंध में मीडिया के सवाल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम दोहन में विश्वास नहीं करते। भारत अपने लिए करता है सिर्फ ऐसा नहीं है। हम दूसरों के लिए पहल करते हैं। भारत जी-20 देशों में अकेला है, जिसने पेरिस में जलवायु परिवर्तन को लेकर जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया।
पीएम मोदी ने कहा कि हमने 2030 तक भारत में रेलवे के कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य नेट जीरो करने का रखा है। भारतीय रेलवे में हर दिन ट्रेन के डिब्बों में पूरा ऑस्ट्रेलिया होता है। हम रेलवे को नेट जीरो करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। हम 20 फीसदी इथेनॉल ईंधन में मिलाने का काम कर रहे हैं। भारत ग्रीन हाइड्रोजन का हब बने, हम उसके लिए भी काम कर रहे हैं। हमने इंटरनेशनल सोलर अलायंस की पहल की और भारत इसका नेतृत्व भी कर रहा है। हमने द्वीप देशों को सोलर एनर्जी मुहैया कराने में मदद की है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम देख रहे हैं कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण जान का नुकसान तो होता ही है, इन्फ्रास्ट्रक्चर का भी नुकसान होता है। इसलिए हमने सीआरआई एक ग्लोबल संस्था को जन्म दिया है, जिससे ये नुकसान कम हो सकें। मैंने और यूएन महासचिव ने हाल ही में एक और इनीशिएटिव लॉन्च किया है- मिशन लाइफ, जिससे लोगों को पर्यावरण के तहत जीना सिखा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भारत पर्यावरण का दोहन नहीं कर रहा। हम यह सब इसलिए नहीं कर रहे कि भारत ने पर्यावरण का बुरा किया है, इसलिए हम यह काम नहीं कर रहे हैं। हम इसलिए कर रहे हैं ताकि भारत के लोगों को बेहतर भविष्य दे सकें। भारत ने कुछ बुरा नहीं किया है, लेकिन हम अच्छा करने में अपना योगदान दे रहे हैं। जो देश इस क्षेत्र में काम करना चाह रहे हैं हम उनकी हर तरह से मदद करना चाहते हैं। हम हर ऐसे देश की मदद कर रहे हैं।
आतंक और कट्टरवाद से लड़ाई में साथ-साथ
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका आतंकवाद और कट्टरवाद से लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। हम सहमत हैं कि सीमापार आतंकवाद को खत्म करने के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है। भारत ने यूक्रेन विवाद पर बातचीत और कूटनीति के जरिये समाधान पर जोर दिया है। विश्व के दो सबसे बड़े लोकतंत्र वैश्विक शांति और समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए मिलकर योजना बना रहे हैं। पीएम ने बाइडन को जी-20 सम्मेलन में भारत आने का न्योता देते हुए कहा, पूरा भारत और मैं आपका स्वागत करने को उत्सुक है।