अमेरिका के एक शीर्ष सीनेटर ने भारत-चीन सीमा विवाद को लेकर चीनी आक्रामकता के आगे घुटने नहीं टेकने के लिए भारत की दिल खोलकर सराहना की है। ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के सीनेटर जॉन कैनेडी ने यह उम्मीद भी जताई कि भारत की यह निडरता चीन से निपटने में दूसरे देशों को भी निडर रहने का संकेत देगी।
उन्होंने पीएम मोदी के चीन के खिलाफ खड़े रहने पर सार्वजनिक रूप से सराहना की। बता दें कि भारत और चीन की सेनाएं पिछले आठ सप्ताह से पूर्वी लद्दख में आमने-सामने हैं और गलवां घाटी संघर्ष में भारतीय सेना के 20 जवानों के शहीद होने के बाद दोनों देशों में तनाव बढ़ गया है। चीनी पक्ष से भी कई सैनिक हताहत हुए हैं लेकिन उसने अभी तक इसका विवरण नहीं दिया है।
रिपब्लिकन सीनेटर जॉन कैनेडी ने फॉक्स न्यूज को एक इंटरव्यू में बताया कि मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि भारत में मोदी चीन के खिलाफ डटकर खड़े हैं। हर देश चीन से न तो भाग रहा है और न ही छुप रहा है।’ उन्होंने कहा कि अमेरिका व अंतरराष्ट्रीय समुदाय को चीनी कम्युनिस्ट पार्टी को यह समझाना होगा कि हम उनसे नियमों के तहत काम करने की अपेक्षा रखते हैं।
चीन पर कोई देश नहीं करता भरोसा
रिपब्लिकन पार्टी के वरिष्ठ नेता और सीनेटर जॉन कैनेडी ने फॉक्स न्यूज से कहा, ‘आपको पता है कि अमेरिका के अलावा कितने देश चीन पर भरोसा करते हैं? एक भी नहीं। लेकिन वे सभी डरे हुए हैं क्योंकि चीन दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और चीन अन्य देशों को धमकाने के लिए आर्थिक उत्तराधिकार का उपयोग करता है। हालांकि भारत, आस्ट्रेलिया और कनाडा चीन के खिलाफ है।’
ठगों के झुंड की तरह काम कर रही सीसीपी
सीनेटर कैनेडी ने कहा, हमें अपने सहयोगियों के साथ जुड़ने की जरूरत है। उन्होंने चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) पर हमला करते हुए कहा कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी कम्युनिस्ट पार्टी ठगों के झुंड की तरह काम कर रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति को चाहिए कि वे इसे रोकें।