मैक्सिको में दुर्घटनाग्रस्त विमान
मैक्सिको सिटी के पश्चिमी में मडेरो कस्बे में बुधवार दोपहर एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें करीब पांच लोगों की मौत हो गई। हालांकि मृतकों की पहचान को लेकर अभी तक किसी तरह की पुष्टि नहीं की गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिशोकैन के स्टेट प्रोसेक्यूटर कार्यालय ने इस संबंध में जानकारी दी है कि यह दुर्घटना बुधवार दोपहर हुई। इसके कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, विमान मैक्सिको सिटी से करीब 460 किलोमीटर दूर लॉस जुंटास स्थित मडेरो टाउनशिप में हादसे का शिकार हुआ।
मिशोकैन की सार्वजनिक सुरक्षा एजेंसी के अनुसार, विमान उत्तरी राज्य ड्यूरैंगो से उड़ा था, इसमें छह लोग सवार थे। एजेंसी ने सोशल मीडिया पर विमान की तस्वीर भी साझा की है। तस्वीर में विमान नदी में उल्टा पड़ा दिखाई दे रहा है।
एजेंसी ने ट्वीट किया कि रजिस्ट्रेशन नंबर एक्सबी-जेजेडएफ वाले विमान के क्रैश होने के बाद हम आपातकालीन स्थिति में काम करने वाले विभागों के साथ विमान के मलबे को निकालने के लिए ऑपरेशन चला रहे हैं।’ क्रैश के बाद की कार्रवाई पूरी करने के लिए स्टेट अटॉर्नी जनरल कार्यालय के कर्मचारी भी मडेरो टाउनशिप पहुंचे हैं।