पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान
- फोटो : फाइल फोटो
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने और जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को दो अलग-अलग केंद्र शासित राज्य बनाने का फैसला पाकिस्तान को अभी हजम नहीं हो रहा है। इस निर्णय के बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ एक के बाद एक कई बेसिर पैर के फैसले लिए। इसके बाद भी पाक प्रधानमंत्री इमरान खान की बेचैनी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है।
ताजा खबरों के अनुसार पाक प्रधानमंत्री इमरान खान इस बार अपना स्वतंत्रता दिवस (14 अगस्त) राजधानी इस्लामाबाद के स्थान पर पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में मनाएंगे। पाक मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार इमरान खान यह स्वतंत्रता दिवस 'आजाद जम्मू और कश्मीर' में मनाएंगे। बता दें कि पाक अपने कब्जे को कश्मीर को 'आजाद जम्मू-कश्मीर' कहता है।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक इस दौरान पाक प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ उनके मंत्री भी रहेंगे। इस मौके पर इमरान खान पीओके की विधानसभा भी जाएंगे और अपना संबोधन देंगे। यहां इमरान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार इमरान खान पीओके के सचिवालय का दौरा भी करेंगे।
14 अगस्त को पाक मनाएगा 'कश्मीर एकजुटता दिवस' और 15 को 'काला दिवस'
भारत द्वारा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म करने के फैसले के खिलाफ पाक अपने स्वतंत्रता दिवस यानी 14 अगस्त को 'कश्मीर एकजुटता दिवस' और भारत के स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को 'काला दिवस' मनाने का एलान पहले ही कर चुका है। पाक सरकार ने 14 अगस्त के लिए एक लोगो भी जारी किया है जिस पर 'कश्मीर बनेगा पाकिस्तान' लिखा हुआ है।