पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष इमरान खान ने शुक्रवार को देश के अधिकारियों से तत्काल बातचीत की अपील की। पाकिस्तानी मीडिया ने बताया कि उनके शीर्ष सहयोगियों और समर्थकों पर कार्रवाई के बीच उन पर दबाव बढ़ गया है।
इमरान खान की पार्टी के हजारों लोगों को गिरफ्तार किया गया और साथ ही कई लोगों ने उनकी पार्टी छोड़ दी है। यह दमन इस महीने की शुरुआत में शुरू हुआ था जब इमरान के समर्थकों ने नौ मई को उनकी संक्षिप्त गिरफ्तारी के बाद हिंसक विरोध-प्रदर्शन किया था। इमरान ने यू-ट्यूब पर प्रसारित एक लाइव वार्ता में देश को अराजकता की ओर ले जाने की चेतावनी देते हुए कहा कि मैं बातचीत की अपील करना चाहता हूं क्योंकि अभी जो हो रहा है वह इसका समाधान नहीं है।
पाकिस्तान अपने सबसे खराब आर्थिक संकट का सामना कर रहा है, जिसके कारण राजनीतिक अशांति बिगड़ गई है। मुद्रास्फीति रिकॉर्ड ऊंचाई पर है, आर्थिक विकास कमजोर हो गया है और ऐसी आशंकाएं हैं कि देश बाहरी ऋणों पर डिफॉल्ट घोषित हो सकता है, जब तक कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष लंबित राशि को अनलॉक नहीं करता।