अमेरिकी कानूनी विशेषज्ञों ने कहा कि महाभियोग की कार्यवाही या अमेरिकी संविधान के 14वें संशोधन के माध्यम से ट्रंप के भविष्य में चुनाव लड़ने पर पाबंदी लगाई जा सकती है। अमेरिकी संविधान के मुताबिक, महाभियोग प्रक्रिया के तहत राष्ट्रपति को पद से हटाया जा सकता है। इसके अलावा, अमेरिका में मिलने वाले किसी भी सम्मान, अवार्ड और विश्वास करने योग्य पद के लिए अयोग्य ठहराया जा सकता है।
अब तक तीन को अयोग्य करार दिया
बता दें कि अमेरिकी इतिहास में महाभियोग की कार्यवाही के माध्यम से अब तक तीन अधिकारियों को संवैधानिक पद संभालने के लिए अयोग्य करार दिया गया है और वे तीनों ही न्यायाधीश थे। 2010 में सीनेट ने लुइसियाना के एक न्यायाधीश को पद से हटाते हुए अयोग्य घोषित किया था।
दो राष्ट्रपति पर महाभियोग चला
अमेरिकी इतिहास में अब तक सिर्फ दो राष्ट्रपतियों पर महाभियोग की कार्यवाही हुई है। साल 1868 में एंड्रयू जॉनसन के खिलाफ महाभियोग चलाया गया था। एंड्रयू जॉनसन पर एक सरकारी अधिकारी को गैर कानूनी तरीके से बर्खास्त करने का आरोप लगा था। साल 1998 में बिल क्लिंटन के खिलाफ भी महाभियोग चलाया गया था, जब मोनिका लेवेंस्की ने उनपर यौन शोषण का आरोप लगाया था। इन दोनों ही राष्ट्रपतियों को जांच के बाद बख्श दिया गया था और दोनों ने अपना कार्यकाल पूरा किया था। इन दोनों अमेरिकी राष्ट्रपतियों के अलावा साल 1974 में वॉटरगेट स्कैंडल के मामले में रिचर्ड निक्सन के खिलाफ भी महाभियोग की तैयारी पूरी हो गई थी, लेकिन निक्सन ने उससे पहले ही इस्तीफा दे दिया था।