इस्राइल और हमास के बीच युद्ध जारी है, जिसमें 6500 लोगों की मौत हो गई। इस बीच इस्राइली रक्षा बलों के चीफ ऑफ स्टाफ ने बताया कि रणनीतिक विचारों के कारण गाजा पर इस्राइली जमीनी आक्रमण में देरी हो रही है। आईडीएफ चीफ लेफ्टिनेंट जनरल हर्जी हलेवी ने गाजा सीमा के पास एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आईडीएफ जमीनी युद्ध के लिए तैयार है।
जनरल हलेवी ने बताया कि सामरिक और रणनीतिक कारणों के वजह से जमीनी हमले में देरी हो रही है, लेकिन आईडीएफ को इससे फायदा ही है। हम एक-एक मिनट का इस्तेमाल खुद को मजबूत करने के लिए कर रहे हैं। हम हर मिनट दुश्मन और शक्ति से हमला करते हैं। हम इस अंतराल में आतंकियों को मार रहे हैं। हम इस अंतराल में हमास के बुनियादी ढांचों को बर्बाद कर रहे हैं। हम अपने देश के लिए लड़ते हैं। हम अपने घर के लिए लड़ते हैं। हम इसकी रक्षा करेंगे। हम इसकी रक्षा के लिए लड़ते रहेंगे।
सात अक्तूबर को हमास ने किया था हमला
बता दें, इस्राइल और हमास के बीच युद्ध लगातार जारी है। हर तरफ चीख-पुकार मची हुई है। सात अक्तूबर से लेकर अब तक साढ़ें छह हजार से अधिक लोगों की इस संघर्ष में मौत हो चुकी है। वहीं, हमास के बाद इस्राइली सेना भी कार्रवाई करते हुए बिना रुके हमले कर रही है। अभी तक गाजा पट्टी में करीब 5100 और इस्राइल में 1400 लोगों की जान जा चुकी है।
हमले के यह तीन कारण
हमास ने कहा कि ये यरूशलम में अल-अक्सा मस्जिद को इस्राइल की तरफ से अपवित्र करने का बदला है। हमास ने कहा कि इस्राइली पुलिस ने अप्रैल 2023 में अल-अक्सा मस्जिद में ग्रेनेड फेंक इसे अपवित्र किया था। इस्राइली सेना लगातार हमास के ठिकानों पर हमले कर रही है और अतिक्रमण कर रही है। इस्राइली सेना हमारी महिलाओं पर हमले कर रही है। हमास के प्रवक्ता गाजी हमाद ने अरब देशों से अपील है कि इस्राइल के साथ अपने सभी रिश्तों को तोड़ दें। हमाद ने कहा कि इस्राइल एक अच्छा पड़ोसी और शांत देश कभी नहीं हो सकता है।