अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने शनिवार को दावा किया है कि यूक्रेन के एक परमाणु केंद्र पर हमला हुआ है। एजेंसी ने कहा कि उन्होंने यूक्रेन के जापोरिजिया परमाणु केंद्र के नजदीक धमाके की आवाज सुनी और परमाणु केंद्र के एक हिस्से से धुंआ उठता देखा। अभी धमाके में हुए नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।
एजेंसी का दावा- परमाणु केंद्र पर हमला हुआ
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने दावा किया यूक्रेन के जापोरिजिया परमाणु केंद्र पर तैनात उनकी एक टीम ने शनिवार को परमाणु केंद्र के नजदीक धमाकों की आवाज सुनी और साथ ही नजदीकी ठिकाने से धुआं उठता देखा। IAEA ने बयान में कहा कि परमाणु संयंत्र की एक सहायक सुविधा पर हमला हुआ। परमाणु निगरानी संस्था ने कहा, 'जापोरिजिया परमाणु ऊर्जा केंद्र की सहायक सुविधा, मुख्य केंद्र की परिधि से 1,200 मीटर की दूरी पर स्थित है और IAEA की टीम को दोपहर में भी उस दिशा से धुआं निकलता देखा था।
ये भी पढ़ें-
Oil: रूसी तेल से दूरी भारत को पड़ सकती है भारी, विशेषज्ञ बोले- आयात बिल में होगी 11 अरब डॉलर तक की बढ़ोतरी
पहले भी हुआ है यूक्रेन के परमाणु केंद्रों पर हमला
गौरतलब है कि मार्च 2022 में भी जापोरिजिया परमाणु संयंत्र पर हमला हुआ था। छह इकाइयों वाले इस संयंत्र पर मिसाइल से हमला किया गया था, लेकिन गनीमत रही कि उससे कोई रेडियोधर्मी पदार्थ नहीं निकला था। रूस की तरफ से यूक्रेन के नागरिक बुनियादी ढांचे, खासकर ऊर्जा प्रणाली पर खूब हमले किए गए हैं। इन हमलों के चलते यूक्रेन में कई बार ब्लैकआउट की स्थिति बनी। जनवरी 2023 में युद्ध को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने यूक्रेन के सभी परमाणु केंद्रों पर अपनी टीम स्थापित कर दी। इसी साल फरवरी में भी एक ड्रोन से चेरनोबिल में परमाणु केंद्र पर हमला हुआ था। इस हमले में परमाणु केंद्र के न्यू सेफ कंफाइनमेंट के आर्च की बाहरी और भीतरी दीवारें टूट गईं थी, लेकिन विकिरण नहीं हुआ था।
दोनों तरफ से हमले हुए तेज
रूस के सोची के पास एक तेल डिपो पर रात में हुए यूक्रेनी ड्रोन हमले से भीषण आग लग गई। क्रास्नोडार के क्षेत्रीय गवर्नर वेनियामिन कोंद्रायेव ने टेलीग्राम पर बताया कि ड्रोन के मलबे के ईंधन टैंक से टकराने के बाद लगी आग लग गई। सोशल मीडिया पर पोस्ट वीडियो में तेल डिपो के ऊपर धुएं के विशाल गुबार उठते दिखाई दे रहे हैं। हमले के बाद सोची हवाई अड्डे पर उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी हैं। उत्तर में, वोरोनिश क्षेत्र के अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य यूक्रेनी ड्रोन हमले में चार लोग घायल हो गए। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रविवार रात तक रूस और काला सागर के ऊपर 93 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए।
इस बीच, दक्षिणी यूक्रेन में, राज्य आपातकालीन सेवाओं के अनुसार, माइकोलाइव शहर के एक रिहायशी इलाके में रूसी मिसाइल हमला हुआ, जिसमें सात लोग घायल हो गए। यूक्रेनी वायु सेना ने रविवार को कहा कि रूस ने यूक्रेन के खिलाफ 76 ड्रोन और सात मिसाइलें दागीं। इसमें से 60 ड्रोन और एक मिसाइल को रोक दिया गया, जबकि 16 अन्य ड्रोन और छह मिसाइलों ने आठ स्थानों पर लक्ष्य को निशाना बनाया।