फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बांग्लादेश में मानवाधिकार हनन: हसीना सरकार ने अमेरिका को आईना दिखाया तो विपक्ष ने सरकार को

Sat, 16 Apr 2022 02:54 PM IST
सुरेंद्र जोशी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ढाका

सार

बांग्लादेश के सूचना एवं प्रसार मंत्री डॉ. हसन महमूद ने अमेरिका में होने वाले मानवाधिकार हनन की लिस्ट पेश करते हुए दावा किया कि इस मामले में बांग्लादेश का रिकॉर्ड अमेरिका से बेहतर है। 
 
विज्ञापन
बांग्लादेश पुलिस - फोटो : social media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मानव अधिकारों की स्थिति के बारे में अमेरिकी विदेश मंत्रालय की रिपोर्ट में आलोचना से विचलित बांग्लादेश सरकार ने अमेरिका पर अपना जवाबी हमला तेज कर दिया है। वहीं, इस मुद्दे पर देश के अंदर राजनीतिक मतभेद पैदा हो गए हैं। विपक्षी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने अमेरिकी रिपोर्ट का स्वागत करते हुए शेख हसीना सरकार से कहा है कि वह अपने मानवाधिकार रिकॉर्ड पर गौर करे।

विज्ञापन


बांग्लादेश सरकार की तरफ से पहले कहा गया था कि अमेरिकी रिपोर्ट पर अपना विस्तृत जवाब वह रविवार को देगी, लेकिन गुरुवार को सूचना एवं प्रसार मंत्री डॉ. हसन महमूद ने अमेरिका में होने वाले मानवाधिकार हनन की लिस्ट पेश करते हुए दावा किया कि इस मामले में बांग्लादेश का रिकॉर्ड अमेरिका से बेहतर है। महमूद ने कहा- 'हमारी राय है कि बांग्लादेश के बारे में सूचना कुछ खास स्रोतों से इकट्ठी की गई। वे स्रोत एकतरफा हैं और उन्होंने एकतरफा नजरिए से ही सूचना उपलब्ध कराई है।'

बांग्लादेश में ग्वांतेनामो-बे जैसी कोई जेल नहीं, संसद पर हमला नहीं हुआ
मानवाधिकार संरक्षण के मामले में बांग्लादेश का रिकॉर्ड अमेरिका से बेहतर होने का दावा करते हुए महमूद ने कहा कि बांग्लादेश में ग्वांतेनामो-बे जैसी कोई जेल नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्वांतेनामो-बे जेल में रखे गए कैदियों को अकथनीय यातना दी गई थी। उन्होंने कहा कि निर्दोष ब्लैक नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड का अमेरिकी पुलिस अधिकारी ने गला घोंट कर हत्या कर दी थी। महमूद ने कहा- 'अमेरिकी संसद भवन में चार लोग मारे गए थे। ऐसी घटनाएं बांग्लादेश में कभी नहीं हुईं।’
विज्ञापन


बांग्लादेश की आर्थिक वृद्धि दर ऊंची
महमूद ने कहा कि बांग्लादेश समावेशी विकास के रास्ते पर है। विश्व बैंक ने अपनी रिपोर्ट में संकेत दिया है कि चालू वित्त वर्ष में बांग्लादेश की आर्थिक वृद्धि दर ऊंची रहेगी। महमूद ने कहा- 'मुझे उम्मीद है कि जो लोग सरकार की दिन-रात आलोचना करते हैं, वे अपना नकारात्मक नजरिया छोड़ देंगे।' महमूद ने यह दावा भी किया कि बांग्लादेश के अमेरिका के साथ बेहतर रिश्ते हैं।

कुकर्मों और घातक कुशासन की पोल खोली : विपक्ष
उधर, पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी ने मानवाधिकार रिपोर्ट जारी करने के लिए अमेरिका की तारीफ की है। उसने कहा है कि इस रिपोर्ट ने अवामी लीग सरकार के 'कुकर्मों और घातक कुशासन' की पोल खोल दी है। बीएनपी के वरिष्ठ महासचिव रुहुल कबीर रिजवी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- 'अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि बेगम खालिदा जिया को राजनीतिक कारणों से सजा सुनाई गई। देश की न्यायपालिका सरकार के हाथ में चली गई है। उधर सुरक्षा बल हत्याओं, लोगों को गायब करने और फर्जी मुठभेड़ों में लगे हुए हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कानून लागू करने वाली एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष को खत्म करने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने में किया जा रहा है।'

12 अप्रैल को अमेरिका ने जारी की थी रिपोर्ट
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने 12 अप्रैल को मानवाधिकार रिपोर्ट जारी की थी। इसमें जेलों की जानलेवा हालत, राजनीतिक कार्यकर्ताओं की मनमानी गिरफ्तारी, राजनीतिक, न्यायपालिका के स्वतंत्रता की संदिग्ध अवस्था, और नागरिकों की निजता में गैर कानूनी हस्तक्षेप के लिए बांग्लादेश सरकार की कड़ी आलोचना की गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें