चीन-अमेरिका के बीच जारी ट्रेड वार के नतीजे सामने आने लगे हैं। उत्तरी चीन के पर्ल नदी किनारे बसा हुइजू सैमसंग के तीन दशक पुराने कारखाने के अक्तूबर में बंद होने के बाद ‘भूतिया शहर’ में तब्दील हो चुका है। कारखाने को भारत और वियतनाम में स्थानांतरित कर दिया गया था।
बता दें कि पिछले साल सैमसंग ने नोएडा में अपनी दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल फैक्ट्री का उद्घाटन किया था। हांगकांग के साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसंग ने जब से चीन में मौजूद अपना अंतिम कारखाना बंद किया, दौड़ता-भागता हुइजू ठहर गया और भूतिया शहर में तब्दील हो गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसंग ने दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच ट्रेड वार की परिस्थितियों को भांपा और बड़े पैमाने पर भारत व वियतनाम में उत्पादन को स्थानांतरित कर दिया। यह वैश्विक आपूर्ति में चीन की बदलती स्थिति को दर्शाता है।