फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yahya Sinwar: एक साल से छिपे याह्या सिनवार को इस्राइल ने कैसे ढूंढकर मारा, हमास और गाजा युद्ध का अब क्या होगा?

Fri, 18 Oct 2024 06:29 PM IST
शिवेंद्र तिवारी स्पेशल डेस्क, अमर उजाला

सार

Yahya Sinwar: इस्राइली सेना ने हमास प्रमुख याह्या सिनवार को एक मुठभेड़ में मार गिराया है, जिसकी पुष्टि समूह ने भी कर दी है। हमास नेता सुरंग से निकलकर सुरक्षित जगह पर भागने की कोशिश कर रहा था, तभी उसे ढेर कर दिया गया। इस्राइली सैनिकों ने तीन संदिग्ध लड़ाकों को खंडहर इमारतों के बीच घूमते देखा था, जिनमें से एक सिनवार भी था। अब कहा जा रहा है कि खालिद मेशाल हमास का नया नेता बन सकता है। 
विज्ञापन
याह्या सिनवार - फोटो : AMAR UJALA
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इस्राइल ने गाजा में अपने सबसे बड़े दुश्मन याह्या सिनवार को मार गिराया है। इस्राइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने एक सटीक हमले में हमास के तीन लड़ाकों को ढेर कर दिया, जिनमें से एक याह्या सिनवार भी था। न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को हमास के शीर्ष राजनीतिक अधिकारी ने याह्या सिनवार की मौत की पुष्टि कर दी।
विज्ञापन


सिनवार ही था जिसने इस्राइल में 7 अक्तूबर 2023 के घातक हमले का नेतृत्व किया था, जिसमें करीब 1200 लोगों की मौत हुई थी और करीब 250 लोग बंधक बना लिए गए थे। इसी हमले के बाद इस्राइल सिनवार की तलाश कर रहा था और अब उसने सिनवार को मार कर 'मिशन के सफलता' का एलान कर दिया है।

इसी साल जुलाई के आखिर में हमास के तत्कालीन प्रमुख इस्माइल हानिया की ईरान में हत्या कर दी गई थी। करीब ढाई महीने के अंदर इस्राइल ने हमास के नए प्रमुख सिनवार को भी मार गिराया है। जहां शीर्ष वैश्विक नेताओं ने यह उम्मीदें जताई है कि सिनवार की मौत से युद्ध का अंत जल्द हो जाएगा, वहीं इस्राइल ने कहा है कि यह गाजा में युद्ध का अंत नहीं है, बल्कि अंत की शुरुआत है। 
विज्ञापन


आइये जानते हैं कि आखिर इस्राइल ने गाजा में इस्राइल ने याह्या सिनवार को कैसे ढूंढा और मार डाला? सिनवार कौन था? प्रमुख नेता की मौत के बाद हमास का क्या होगा? इस्राइल ने क्या कहा है?


 

पहले जानते हैं कि गाजा में क्या हुआ है?
इस्राइली सैनिकों ने गोलीबारी कर हमास नेता याह्या सिनवार को मार गिराया। आईडीएफ ने कहा कि सिनवार को बुधवार को दक्षिणी गाजा में खत्म कर दिया गया। सिनवार को इस बात का बिलकुल भी पता नहीं था कि इस्राइली सेना ने उसे पकड़ लिया है। इस्राइली सेना ने ड्रोन फुटेज भी जारी की है, जिसमें  सिनवार मौत से पहले एक खंडहर इमारत में घायल अवस्था में बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। कुर्सी पर बैठे हुए अपना चेहरा एक कपड़े से ढके हुए सिनवार ड्रोन पर कोई वस्तु फेंकने की कोशिश करते हुए दिखाई दे रहा है।

याह्या सिनवार - फोटो : AMAR UJALA
कौन था याह्या सिनवार?
याह्या सिनवार गाजा पट्टी में हमास का शीर्ष नेता था। इस्राइल में 7 अक्तूबर को हुए हमास के हमले का मास्टरमाइंड भी याह्या सिनवार को माना जाता है। याह्या सिनवार को गाजा का सबसे ताकतवर नेता माना जाता था। वह इस्राइल की कैद में भी रहा था और करीब 24 साल जेल में बिता चुका था। इस्राइली सैनिक गिलाद शालित के बदले में इस्राइल की जेल से 1027 फलस्तीनी कैदी रिहा किए गए थे, उन्हीं कैदियों में याह्या सिनवार भी शामिल था। सिनवार ईरान का करीबी था और हमास के कट्टरपंथी समूह का नेतृत्व करता था। याह्या सिनवार इस्राइल की उस सूची में शीर्ष पर था, जिनका इस्राइल खात्मा करना चाहता था।
 
पिछले साल 7 अक्तूबर को दक्षिणी इस्राइल में हुए हमले में 12 सौ लोग मारे गए थे और लगभग ढाई सौ लोगों को बंधक बनाया गया था। हमास के जिस समूह ने इस्राइल पर हमला किया था, उसका नेतृत्व याह्या सिनवार ने ही किया था। जुलाई के आखिर में हमास की राजनीतिक शाखा के प्रमुख इस्माइल हानिया की ईरान की राजधानी तेहरान में हत्या कर दी गई थी। इसके बाद हमास ने याह्या सिनवार को अपना प्रमुख नेता चुना था। 

 

मारा गया याह्या सिनवार - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
अब कैसे मारा गया सिनवार?
हमास प्रमुख सिनवार को एक मुठभेड़ में मार गिराया गया है। इस्राइली अधिकारियों ने कहा कि हमास नेता को उस समय मार दिया गया जब वह भूमिगत सुरंग से निकलकर सुरक्षित जगह पर भागने की कोशिश कर रहा था। आईडीएफ ने कहा कि उसे दक्षिणी गाजा के ताल अल सुल्तान क्षेत्र में तलाशी ले रहे पैदल सैनिकों ने खोजा। सेना का मानना था कि अल सुल्तान क्षेत्र में हमास से जुड़े अहम लोग मौजूद थे।

सैनिकों ने तीन संदिग्ध लड़ाकों को इमारतों के बीच घूमते देखा और उन पर गोलियां दागीं। इसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई और इसी दौरान सिनवार एक खंडहर इमारत में भाग गया। इस्राइली मीडिया के अनुसार, इमारत पर टैंक के गोले और मिसाइल दागे गए।

सैनिक खंडहर हो चुकी इमारत में घुसे और जब सिनवार ने भागने की कोशिश की तो इस्राइली सेना ने उसे मार गिराया। सिनवार के पास एक हथियार, एक फ्लैक जैकेट (विस्फोट रोकने वाला जैकेट) और 40,000 शेकेल (करीब 90 हजार रुपये) बरामद किया गया। डीएनए परीक्षण जैसी अन्य जांचों के बाद हमास प्रमुख की मृत्यु की पुष्टि हुई। हालांकि, हमास की ओर से सिनवार की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, सिनवार को प्रशिक्षु दस्ते के कमांडरों की एक इकाई ने मारा है। ये कमांडर उस क्षेत्र में एक नियमित ऑपरेशन के दौरान अचानक उसके पास आ धमके थे।

याहया सिनवार - फोटो : एक्स/@PalestineLeader
इस्राइल ने सिनवार को ढूंढा कैसे?
रिपोर्ट्स के मुताबिक अपने जीवन के अंतिम महीनों में सिनवार ने टेलीफोन और अन्य संचार उपकरणों का इस्तेमाल करना बंद कर दिया था। हमास नेता को डर था कि इन उपकरणों से इस्राइल की खुफिया एजेंसियों को उसका पता लगाने में मदद मिल सकती थी। कहा जाता है कि वह उन सुरंगों के विशाल नेटवर्क में छिपा हुआ था, जिन्हें हमास ने पिछले दो दशकों में गाजा के नीचे खोदा था। हालांकि, जंग के दौरान इस्राइली सैनिकों ने उनमें से कई सुरंगों का पता लगा लिया है।

इस्राइली सेना के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल हर्जी हलेवी ने कहा कि सिनवार की तलाश में इस्राइल ने उसे एक भगोड़ा बनने पर मजबूर कर दिया, जिसके कारण उसे कई बार अपना ठिकाना बदलना पड़ा।
 

अब हमास को कौन संभालेगा?
हमास के नए प्रमुख सिनवार की मौत संगठन के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे पहले 31 जुलाई को हमास के तत्कालीन प्रमुख इस्माइल हानिया की ईरान में उस वक्त हत्या कर दी गई, जब वह ईरानी राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए तेहरान गया हुआ था। समूह का सैन्य कमांडर मोहम्मद दईफ भी 13 जुलाई को इस्राइली हवाई हमले में मारा गया था। 

यह अभी स्पष्ट नहीं है कि सिनवार की जगह कौन लेगा। हमास के कई अहम नेता और सिनवार के प्रमुख सहयोगी भी पिछले कुछ वर्षों में मारे जा चुके हैं। सबसे स्पष्ट नेता अभी खालिद मेशाल है और वह अभी भी हमास के जीवित बचे चेहरों में सबसे प्रमुख है। मेशाल हमास के संस्थापक सदस्यों में शामिल है और 1996 से 2017 तक यह हमास की राजनीतिक शाखा का प्रमुख भी रहा है। 2017 में खालिद मेशाल की जगह इस्माइल हनिया ने ले ली थी जो अब मारा जा चुका है। मेशाल मौजूदा समय में कतर में रहता है। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि हमास अपने पोलित ब्यूरो से एक युवा चेहरे को चुन सकता है। हमास में पोलित ब्यूरो वह शाखा है जो मुख्य निर्णय लेती है। 
विज्ञापन

बेंजामिन नेतन्याहू - फोटो : एएनआई (फाइल)
गाजा में युद्ध का क्या होगा?
इस कार्रवाई के बाद भले ही वैश्विक नेताओं ने उम्मीद की है कि गाजा में युद्ध खत्म होना चाहिए लेकिन ऐसा होता नहीं दिख रहा। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा कि आखिरकार गाजा में युद्ध समाप्त करने का अवसर आ गया है। इसके अलावा अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने सऊदी अरब और कतर में अपने समकक्षों के साथ फोन पर वार्ता की। इस दौरान सिनवार की मौत और संघर्ष को समाप्त करने और बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने के प्रयासों के बारे में चर्चा हुई।

फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सिनवार की मौत को एक महत्वपूर्ण मोड़ बताया। मैक्रों ने कहा, 'हमें सभी बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने और अंततः युद्ध को समाप्त करने के लिए इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए।' इटली की विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने भी आशा व्यक्त की कि हमास के शीर्ष नेता की मृत्यु से युद्ध विराम हो जाएगा।

हालांकि, शीर्ष इस्राइली नेताओं की टिप्पणियों से दुनिया भर के नेताओं की यह उम्मीदें धूमिल होती दिखीं कि सिनवार की मौत से युद्ध का अंत जल्द हो जाएगा। इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घोषणा की, 'सिनवार की हत्या के बाद गाजा में युद्ध खत्म नहीं हुआ है, हमारे सामने जो कार्य है वह अभी पूरा नहीं हुआ है। यह गाजा में युद्ध का अंत नहीं है, यह अंत की शुरुआत है।' नेतन्याहू ने कहा कि यह तभी खत्म हो सकता है जब हमास अपने हथियार डाल दे और हमारे बंधकों को वापस कर दे। नेतन्याहू की भावनाओं को अन्य प्रमुख इस्राइली राजनेताओं ने भी दोहराया।

उधर इस्राइली सैन्य प्रमुख हर्जी हलेवी ने कहा कि हालांकि उनकी सेना ने सिनवार के साथ हिसाब बराबर कर लिया है, लेकिन इस्राइली सेना तब तक लड़ती रहेगी जब तक कि हम 7 अक्तूबर के नरसंहार में शामिल सभी लोगों को पकड़ नहीं लेते और सभी बंधकों को घर नहीं ले आते।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें