तमिलनाडु में महाकवि दिवस के रूप में मनाया जाएगा आज का दिन
तमिलनाडु सरकार ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रवादी कवि और स्वतंत्रता सेनानी सुब्रमण्यम भारती की पुण्यतिथि 11 सितंबर को महाकवि दिवस के रूप में मनाई जाएगी। राज्य के मंत्री रविवार को यहां कवि की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। सरकार द्वारा महाकवि दिवस के रूप में पुण्यतिथि का स्मरणोत्सव पिछले साल सितंबर में सीएम एम के स्टालिन द्वारा की गई 14 घोषणाओं में से एक था।
सुब्रमण्यम स्वामी की याचिका का विरोध, भाकपा सुप्रीम कोर्ट पहुंची
राज्यसभा सांसद और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के नेता विनय विश्वम ने भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी की ओर से दायर याचिका का विरोध करते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। स्वामी ने अपनी याचिका में भारतीय संविधान की प्रस्तावना से ‘समाजवादी’ और ‘धर्मनिरपेक्ष’ शब्द को हटाने की मांग की थी।
असम में सात करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त, पांच गिरफ्तार
असम के कारबी आंगलोंग और करीमगंज जिलों में सात करोड़ की ड्रग्स जब्त की गई और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कारबी आंगलोंग जिले में एक वाहन से तीन करोड़ रुपये का 800 किलो गांजा व 40.07 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। करीमगंज में 3.85 करोड़ का 1,108 किलो गांजा पकड़ा गया।
खुली व अर्ध खुली जेलों के लिए सामान्य नीति पर रखें सुझाव : सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने खुली या अर्ध-खुली जेलों के लिए समान प्रक्रिया या नीति की मांग पर याचिकाकर्ता को अपने सुझावों के साथ संबंधित राज्यों को विस्तृत प्रस्तुति देने का निर्देश दिया है। जस्टिस एमआर शाह और जस्टिस कृष्ण मुरारी की पीठ ने याचिकाकर्ता और वकील कन्हैया सिंघल को संबंधित राज्यों से संपर्क करने व अपनी बात रखने को कहा। अदालत ने साथ ही संबंधित राज्य सरकार को भी यह निर्देश दिया कि जब सुझाव उनके समक्ष पेश किए जाएं तो वह उस पर गौर करें और कानून व मेरिट के आधार पर उचित निर्णय लें। पीठ ने कहा, इसमें कोई विवाद नहीं हो सकता कि जेल एक राज्य सरकार का विषय है और संबंधित राज्यों को खुली जेलों को खोलने के तौर-तरीकों के संबंध में भी कॉल या नीतिगत निर्णय लेने होते हैं। इसका कोई सर्वविदित फॉर्मूला नहीं हो सकता जो हर राज्य पर लागू हो।
दलित बच्चे ने प्रसाद उठाया तो पुजारी ने पेड़ से बांधकर पीटा
मध्य प्रदेश के सागर में एक जैन मंदिर के पुजारी ने 11 वर्षीय लड़के को पेड़ से बांधकर सिर्फ इसलिए पीटा क्योंकि उसने प्रसाद के रूप में रखे बादाम को उठा लिया था। पिता की शिकायत पर जैन सिद्दयतन मंदिर के पुजारी राकेश जैन के खिलाफ एससी-एसटी कानून के तहत मामला दर्ज किया है। पेड़ से बंधे लड़के के रोने व खुद को छोड़ने की गुहार लगाने का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। लड़के के पिता ने आरोप लगाया कि पुजारी ने एक अन्य व्यिक्त की मदद से लड़के को पेड़ से बांधकर पीटा।
इंडियाबुल्स कमर्शियल क्रेडिट लि. पर 12.35 लाख रुपये का जुर्माना
आरबीआई ने कुछ केवाईसी संबंधित प्रावधानों का पालन नहीं करने पर इंडियाबुल्स कमर्शियल क्रेडिट लि. पर 12.35 लाख रुपये का मौद्रिक जुर्माना लगाया है। आरबीआई ने एक बयान में कहा, यह कार्रवाई नियामक अनुपालन में कमियों पर आधारित है और कंपनी द्वारा अपने ग्राहकों के साथ किए गए किसी भी लेनदेन या समझौते की वैधता पर उच्चारण करने का इरादा नहीं है।
महाराष्ट्र में गणपति विसर्जन के दौरान अलग-अलग घटनाओं में 20 की मौत
महाराष्ट्र में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान हुई विभिन्न घटनाओं में 20 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 14 की मौत डूबने से हुई। वहीं, सड़क दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। इस बीच मुंबई में शाही अंदाज में लालबाग के राजा को विदाई दी गई। बीएमसी के अनुसार शनिवार सुबह तक महानगर में 1,93,062 से अधिक गणेश मूर्तियों का विसर्जन किया जा चुका है।