हांगकांग सरकार ने बृहस्पतिवार को चीन के नए राष्ट्रीय सुरक्षा कानून का विरोध करने के कारण 12 लोकतंत्र समर्थक उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया।
अयोग्य किए गए उम्मीदवारों में लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ता जोशुआ वोंग, नागरिक पार्टी के कुछ सदस्य, एक उदारवादी उम्मीदवार और पिछले महीने विपक्षी खेमे द्वारा आयोजित अनौपचारिक प्राथमिक मत जीतने वाले अन्य सदस्य शामिल हैं।
चीन द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लागू करने के एक महीने बाद हांगकांग सरकार का यह कदम मूल रूप से लोकतंत्र के समर्थकों को दबाने की कोशिश है। हांगकांग सरकार ने कहा कि आगे और भी लोगों को अयोग्य घोषित किया जा सकता है।
हांगकांग का यह कदम चीन के पश्चिम के साथ टकराव को भी बढ़ा सकता है। वहीं आलोचकों का मानना है कि पिछले साल जिला परिषद चुनावों में लोकतंत्र समर्थकों की जोरदार जीत के बाद तेजी से लोकप्रिय हुई युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने से रोकने के इरादे से सरकार ने यह कदम उठाया है।
स्वायत्तता बचाने की हर कोशिश को दबा रहा चीन
‘सरकार के इस कदम से स्पष्ट है कि बीजिंग हांगकांग के लोगों की भावनाओं का बिलकुल सम्मान नहीं करता। वह स्वायत्तता बचाने की आखिरी कोशिश को दबाना चाहता है। साथ ही हांगकांग की संसद को पूरी तरह से अपनी गिरफ्त करना चाहता है।’
- जोशुआ वोंग, अयोग्य घोषित किए गए लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ता