अमेरिका में हिंदू मंदिरों ने एलान किया है कि अयोध्या में बनने जा रहे रामलला के मंदिर के शिलान्यास के दिन उत्तरी अमेरिका के हिंदू मंदिर वर्चुअल प्रार्थना करेंगे। वहां के धार्मिक समूहों ने एलान किया है कि रामलला मंदिर के निर्माण को मनाने के लिए राष्ट्रीय प्रार्थना का आयोजन किया जाएगा।
हिंदू मंदिर एग्जीक्यूटिव कॉन्फ्रेंस और हिंदू मंदिर प्रीस्ट कॉन्फ्रेंस ने एक साझा बयान में कहा कि अयोध्या में होने वाले श्रीराम मंदिर पूजन की खुशी में पूरे अमेरिका में वर्चुअल राष्ट्रीय प्रार्थना की जाएगी। बयान में बताया गया है कि राममंदिर के पूजन के मौके पर अमेरिका, कनाडा और कैरिबियन आइलैंड के मंदिर भगवान श्रीराम के चरणकमलों की पूजा करेंगे।
पांच अगस्त 2020 को ऐतिहासिक समारोह वैश्विक हिंदू समुदाय के लिए, एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है। कैलीफोर्निया के शिव दुर्गा मंदिर के फाउंडर, अध्यक्ष और आचार्य पंडित कृष्ण कुमार पांडे ने कहा कि हमें इस पूजन को अब एक त्यौहार के तौर पर मनाना चाहिए।
अमेरिका के विश्व हिंदू परिषद ने कहा कि पांच अगस्त के दिन प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या में राममंदिर निर्माण की नींव रखेंगे और इस दिन को भव्य बनाने के लिए हम पूजन करेंगे। उत्तरी अमेरिका में पुजारियों की ओर से एक साझा मंत्रोच्चारण किया जाएगा।