प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कोहिस्तानी को फोन किया और उन्हें घटना की गहन जांच का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री ने कहा, 'जन प्रतिनिधियों पर हमला अस्वीकार्य है। घटना में शामिल लोगों को कड़ी सजा दी जाएगी।'
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में एक हिंदू राज्य मंत्री पर प्रदर्शनकारियों ने हमला बोल दिया। उन्होंने नई नहरों की योजना के खिलाफ रैली निकाली थी। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के सांसद खेल दास कोहिस्तानी, धार्मिक मामलों के राज्य मंत्री शनिवार को थट्टा जिले से गुजर रहे थे। तभी उनके काफिले पर प्रदर्शनकारियों ने टमाटर और आलू फेंके गए। उपद्रवियों ने संघीय सरकार के खिलाफ नारे भी लगाए। अधिकारियों ने कहा कि हमले में कोहिस्तानी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
प्रधानमंत्री शरीफ ने कोहिस्तानी को फोन किया
समाचार एजेंसी पीटीआई ने रेडियो पाकिस्तान के हवाले से बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कोहिस्तानी को फोन किया और उन्हें घटना की गहन जांच का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री ने कहा, 'जन प्रतिनिधियों पर हमला अस्वीकार्य है। घटना में शामिल लोगों को कड़ी सजा दी जाएगी।' सूचना मंत्री अत्ता तरार ने सिंध के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) गुलाम नबी मेमन से घटना का ब्योरा मांगा और संघीय आंतरिक सचिव से रिपोर्ट मांगी।
विज्ञापन
घटना की कड़े शब्दों में निंदा
सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने भी इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। बयान में शाह ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। उन्होंने हैदराबाद क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक को हमले में शामिल बदमाशों को तुरंत गिरफ्तार करने और एक रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया।
कोहिस्तानी के बारे में जानिए
नेशनल असेंबली की वेबसाइट पर व्यक्तिगत विवरण के मुताबिक, कोहिस्तानी सिंध के जमशोरो जिले से हैं। 2018 में पीएमएल-एन से पहली बार संसद के सदस्य के रूप में चुने गए थे। पूरे पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद उन्हें 2024 में फिर से चुना गया। उन्हें राज्य मंत्री बनने के लिए पदोन्नति मिली।