फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lebanon: 'इस्राइल के दक्षिणी लेबनान से पीछे हटने तक नहीं डालेंगे हथियार', हिजबुल्ला प्रमुख कासिम की चेतावनी

Sun, 06 Jul 2025 05:40 PM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, बेरूत।

सार

Lebanon: हिजबुल्ला नेता नईम कासिम ने आशूरा पर कहा कि जब तक इस्राइल दक्षिणी लेबनान से पूरी तरह पीछे नहीं हटता और हमले नहीं रोकता, वे हथियार नहीं डालेंगे। उन्होंने इस्राइल के साथ किसी भी तरह के संबंध सामान्य करने से इनकार किया और कब्जे को वैधता न देने की बात दोहराई। यह बयान ऐसे समय में आया है जब हिजबुल्ला पर निरस्त्रीकरण का अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ रहा है और अमेरिकी दूत बेरूत दौरे पर हैं।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिजबुल्ला के नेता नईम कासिम ने रविवार को एक बार फिर दोहराया कि जब तक इस्राइल दक्षिणी लेबनान से पूरी तरह पीछे नहीं हटता और अपने हवाई हमले बंद नहीं करता, तब तक उनका संगठन अपने हथियार नहीं डालेगा। उन्होंने यह बयान बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में आशूरा के अवसर पर हजारों लोगों की भीड़ को वीडियो संदेश के जरिए संबोधित करते हुए दिया।

विज्ञापन


आशूरा 680 ईस्वी में कर्बला की लड़ाई की याद में मनाया जाता है, जिसमें पैगंबर मोहम्मद के नवासे इमाम हुसैन की उस समय हत्या कर दी गई थी, जब उन्होंने उमय्यद खिलाफत को बैअत करने से इनकार कर दिया था। शिया मुसलमानों के लिए यह दिन अत्याचार और अन्याय के खिलाफ प्रतिरोध का प्रतीक है। इस साल आशूरा ऐसे समय में आया है, जब हाल ही में इस्राइल और हिजबुल्ला के बीच एक भीषण युद्ध हुआ, जो नवंबर के अंत में अमेरिका की मध्यस्थता से हुए संघर्षविराम के साथ समाप्त हुआ। 

इस्राइली हमलों में हिजबुल्ला के शीर्ष नेतृत्व का बड़ा हिस्सा मारा गया, जिसमें हसन नसरल्लाह भी शामिल थे और संगठन के हथियारों का बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया। संघर्षविराम के बाद भी दक्षिणी लेबनान में पांच रणनीतिक सीमा चौकियों पर अब भी इस्राइल का कब्ज है और लगभग रोजाना हवाई हमले कर रहा है। इस्राइल का कहना है कि वह इसलिए हमले कर रहा है, ताकि हिजबुल्ला अपनी सैन्य क्षमताओं को फिर से खड़ा न कर सके।  
विज्ञापन


लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इन हमलों में नवंबर से अब तक लगभग 250 लोग मारे जा चुके हैं, जबकि युद्ध के दौरान 4,000 से अधिक लोगों की जान गई। हिजबुल्ला से अपने शेष हथियार छोड़ने की अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मांग लगातार बढ़ रही है। 

कासिम ने अपने वीडियो संदेश में कहा,  जब दुश्मन इस्राइल लगातार आक्रामकता कर रहा है। पांच बिंदुओं पर कब्जा किए हुए है। हमारे क्षेत्रों में प्रवेश कर रहा है और लोगों को मार रहा है। ऐसे में आप कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि हम पीछे हट जाएं? उन्होंने कहा, हम लेबनान और क्षेत्र में कब्जे को वैधता नहीं देंगे। हम इस्राइल के साथ संबंधों को सामान्य करने के लिए तैयार नहीं हैं। 

कासिम ने कहा,  जब इस्राइल हम पर हमला करता है तो हम उसका मुकाबला कैसे करेंगे, अगर हमारे पास हथियार न हों? कौन इस्राइल को गांवों में घुसने और घरों के अंदर युवाओं, महिलाओं और बच्चों को मारने से रोक रहा है, अगर एक ऐसा प्रतिरोध न हो जिसके पास कम से कम रक्षा की क्षमता हो? 

कासिम की ये टिप्पणियां अमेरिकी दूत टॉम बैरक की बैरूत यात्रा से ठीक पहले आई हैं, जहां वह हिजबुल्ला के निरस्त्रीकरण और दक्षिणी लेबनान से इस्राइली सेनाओं की वापसी की प्रस्तावित योजना पर चर्चा करेंगे। बैरक ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि लेबनान एक 'ऐतिहासिक क्षण' का सामना कर रहा है, जिसमें वह अपने अतीत के संप्रदायिक तनाव को पीछे छोड़कर आखिरकार 'एक देश, एक जनता, एक सेना' के वादे को पूरा कर सकता है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हवाले से लिखा, चलो लेबनान को फिर से महान बनाएं। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें