इस्राइल, हिजबुल्ला के लगभग सभी शीर्ष कमांडर्स को ढेर कर चुका है। अब खुलासा हुआ है कि इस्राइल की खुफिया एजेंसी मोसाद ने हिजबुल्ला के शीर्ष कमांडर फुआद शुकर को निशाना बनाने से पहले लंबे समय तक उसकी निगरानी की। फुआद शुकर अपनी ही एक गलती से मोसाद के जाल में फंसा। दरअसल शुकर का एक साथ चार-चार महिलाओं से प्रेम संबंध था और इन महिलाओं से बातचीत के दौरान ही शुकर मोसाद के जाल में फंसा और आखिरकार मोसाद ने बीते दिनों उसे लेबनान के एक अपार्टमेंट में ढेर कर दिया।
मोसाद ने शुकर की बातचीत को किया ट्रेस
फुआद शुकर हिजबुल्ला के सह-संस्थापकों में से एक था और इस्राइल की खुफिया एजेंसी मोसाद दशकों से उससे जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी हुई थी। इसी दौरान मोसाद को पता चला कि फुआद शुकर का शादी के बाद भी चार महिलाओं से संबंध थे और वह कथित तौर पर वह एक साथ चार महिलाओं से संबंध रखने को लेकर खुद को दोषी समझता था। इसे लेकर उसने हिजबुल्ला के धार्मिक मामलों के शीर्ष मौलवी हाशेम सफीद्दीन से बात की थी। सफीद्दीन ने कथित तौर पर शुकर को चारों महिलाओं से शादी करने की सलाह दी थी। इसके बाद शुकर ने फोन ही पर चारों महिलाओं से शादी की। हालांकि यह साफ नहीं है कि ये शादी कब हुईं। हालांकि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान शुकर मोसाद के जाल में फंस गया और उसकी लोकेशन मोसाद को पता चल गई।
मोसाद ने ऐसे किया ढेर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 30 जुलाई को फुआद शुकर को एक फोन गया, जिसमें उसे अपने गुप्त ठिकाने से दक्षिणी बेरुत के एक ठिकाने पर बुलाया गया। जैसे ही शुकर वहां पहुंचा, तभी इस्राइल ने मिसाइल से हमला कर शुकर को ढेर कर दिया। इसी साल जुलाई में मजदल शम्स में एक मिसाइल हमला हुआ था, जिसमें स्कूली बच्चों समेत कई इस्राइली नागरिक मारे गए थे। इस हमले के पीछे शुकर का हाथ माना गया था और तभी से इस्राइल शुकर की तलाश में था। लेबनानी मीडिया के अनुसार, फुआद शुकर अपनी पत्नी, दो बच्चों और दो अन्य महिलाओं के साथ मारा गया था। शुकर की मौत के कुछ घंटे बाद ही इस्राइली हमले में हमास का राजनीतिक प्रमुख इस्माइल हानिये की भी मौत हो गई थी।
साल 1983 में लेबनान के बेरूत में बैरकों पर बमबारी करने की योजना फुआद शुकर ने ही बनाई थी। इस हमले में 241 अमेरिकी मरीन सैनिकों की मौत हुई थी। इसके बाद से ही फुआद शुकर अमेरिका के सबसे वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था।