US: अमेरिका के एरिजोना राज्य में एक निजी हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट और तीन महिलाओं की मौत हो गई। संघीय विमानन प्रशासन और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड इस हादसे की जांच कर रहे हैं।
अमेरिका के एरिजोना राज्य के एक पहाड़ी इलाके में शुक्रवार (स्थानीय समयानुसार) को एक निजी हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
मृतकों में पायलट (59 वर्षीय), दो महिलाएं (21 वर्षीय) और एक महिला (22 वर्षीय) शामिल हैं। पिनाल काउंटी शेरिफ कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी दी। मृतकों के नाम अभी जारी नहीं किए गए हैं।
शेरिफ कार्यालय के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 11 बजे टेलीग्राफ कैन्यन के पास हुआ, जो फीनिक्स से करीब 64 मील (103 किलोमीटर) पूर्व में स्थित है। बताया गया कि हेलिकॉप्टर पहाड़ों के बीच लगे एक मनोरंजन के लिए लगाए गए चौड़ी रस्सी' से टकरा गया, जिसकी लंबाई एक किलोमीटर से अधिक थी।
शेरिफ कार्यालय ने बताया कि 911 पर कॉल करने वाले एक चश्मदीद ने कहा कि उसने हेलिकॉप्टर को उस रस्सी के एक हिस्से से टकराते हुए देखा, जिसके बाद वह नीचे खाई में गिर गया। इस हादसे की जांच संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) कर रहे हैं।
हेलिकॉप्टर ने क्वीन क्रीक शहर के एक हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी, जो दुर्घटनास्थल से करीब 29 मील (47 किलोमीटर) पश्चिम में है। दुर्घटनास्थल दूर-दराज का इलाका होने के कारण बचाव दल को पैदल पहुंचने में कई घंटे लगे। शेरिफ कार्यालय ने कहा, सुरक्षा कारणों के चलते हादसे के बाद उस इलाके के ऊपर उड़ानों पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई थी। हमारी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।