लिरी अलबाग (पुरानी तस्वीर और जारी वीडियो की तस्वीर))
- फोटो : एक्स/ब्रिंग देम होम नाऊ
हमास ने शनिवार को एक वीडियो जारी किया, जिसमें इस्राइल की बंधक महिला सैनिक लिरी अलबाग दिखाई दे रही है। हमास ने लिरी अलबाग को 7 अक्तूबर 2023 के हमले के वक्त अगवा कर लिया था। साढ़े तीन मिनट के इस वीडियो में तारीख नहीं दी गई है। वीडियो में अलबाग ने कहा कि वह बीते 450 दिनों से बंधक है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह वीडियो हाल का ही है। इस्राइली मीडिया ने ये वीडियो जारी नहीं किया है।
7 अक्तूबर 2023 को हमास ने अलबाग को अगवा किया था
लिरी अलबाग (19 वर्षीय) इस्राइली सेना में सर्विलांस सैनिक के पद पर हैं और हमास के हमले के वक्त वह नाहल ओजी मिलिट्री बेस पर तैनात थी। हमास के हमले में इस बेस के 15 सर्विलांस सैनिक मारे गए थे और अलबाग समेत छह इस्राइली महिला सैनिकों को बंधक बना लिया गया था। अगवा की गई एक महिला सैनिक को रिहा कर दिया गया था और एक की कैद के दौरान ही मौत हो चुकी है। अब अलबाग समेत चार इस्राइली महिला सैनिक अभी भी हमास की कैद में हैं। गौरतलब है कि इस्राइल और हमास के बीच शांति समझौते की कोशिशें हो रही हैं और हमास द्वारा वीडियो जारी करना दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। इस्राइली प्रतिनिधिमंडल इन दिनों हमास के प्रतिनिधिमंडल से शांति समझौते पर चर्चा के लिए कतर में मौजूद है।
परिजन बोले- ये वो लिरी नहीं
लिरी अलबाग का वीडियो जारी होने पर उसके माता-पिता ने भी एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में लिरी के परिजन बोले कि 'ये हमारी वो बेटी नहीं है, जिसे हम जानते हैं। वह बहुत बुरी हालत में है और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं लग रही है। हमेशा मजबूत और खुशदिल रहने वाली लिरी अपनी जिंदगी की भीख मांग रही है।' परिजनों ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और सरकार से अपील की कि 'वे बंधकों की रिहाई के बारे में फैसला लेते हुए यह सोचें कि ये उनके बच्चे हैं। लिरी जिंदा है और उसे जीवित घर आना चाहिए, ये आप (सरकार) पर निर्भर है।'