फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोने के सुल्तान: हाजी हसनल बोल्किया की जीवनशैली दुनियाभर में मशहूर; 56 साल से ब्रुनेई की राजगद्दी पर विराजमान

Sat, 07 Sep 2024 06:25 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रुनेई की यात्रा करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं, जिसकी वजह से वहां के सुल्तान हाजी हसनल बोल्किया एकाएक सुर्खियों में आ गए हैं। 56 वर्षों से ब्रुनेई की राजगद्दी पर विराजमान सुल्तान अपनी दौलत और विलासितापूर्ण राजसी ठाठबाट के लिए मशहूर हैं।
विज्ञापन
हाजी हसनल बोल्किया। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ब्रुनेई के सुल्तान हाजी हसनल अपनी अमीरी के लिए जाने जाते हैं। 1700 से ज्यादा कमरों और सोने के गुंबद वाला उनका महल गिनीज बुक में दर्ज है, तो 7000 लग्जरी कारों का जखीरा और चालीस करोड़ डॉलर का विमान भी है। उनका नाई लंदन से आता है। अमीर तो दुनिया में बहुत हुए, लेकिन सुल्तान का अंदाज उनकी शख्सियत बयां करता है।
विज्ञापन


इतिहास में बहुत कम शासक ऐसे हुए हैं, जिन्होंने पचास या इससे अधिक वर्षों तक राज किया। इन्हीं में से एक हैं, ब्रुनेई के 29वें सुल्तान हाजी हसनल बोल्किया। 78 वर्षीय बोल्किया अपनी संपत्ति और विलासितापूर्ण राजसी ठाठबाट के लिए खासी पहचान रखते हैं। तीस अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर शासकों में से एक और सुन्नी संप्रदाय से आने वाले बोल्किया ने वर्ष 1991 में मलय मुस्लिम राजशाही नामक एक विचारधारा की शुरुआत की, जिसने सुल्तान को आस्था के संरक्षक के रूप में पेश किया।

2014 में शरिया कानून लागू करने के लिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय आलोचना का सामना करना पड़ा, जिसमें पत्थरबाजी और अंग-भंग जैसी कठोर सजा शामिल है। उन्होंने 2019 में समलैंगिक यौन संबंध के लिए मौत की सजा की अनुमति देने वाला कानून लागू किया, हालांकि वैश्विक आलोचना के बाद मौत की सजा के प्रावधान को रद्द कर दिया गया। ब्रुनेई के 1984 में ब्रिटिश साम्राज्य से आजादी के बाद से बोल्किया सुल्तान होने के साथ ही अपने देश के प्रधानमंत्री पद पर भी आसीन हो गए। वित्त, रक्षा और विदेश जैसे अहम मंत्रालय बोल्किया ने खुद अपने पास रखे हैं। बोल्किया भ्रष्टाचार के सख्त खिलाफ हैं, तभी तो ब्रुनेई 180 ईमानदार देशों की सूची में 35वें नंबर पर है।
विज्ञापन


21 साल की उम्र में सुल्तान
इस्ताना दारुसलैम में सुल्तान हाजी उमर अली सैफुद्दीन और रानी कंसोर्ट राजा इस्तेरी पेंगिरन अनक दमित की बड़ी संतान के रूप में हसनल बोल्किया का जन्म 15 जुलाई, 1946 को हुआ था। उनके तीन भाई व छह बहनें हैं। बोल्किया की स्कूली शिक्षा ब्रुनेई में हुई। उन्होंने मलयेशिया के विक्टोरिया इंस्टीट्यूशन में शिक्षा प्राप्त करने के बाद रॉयल मिलिट्री अकादमी, सैंडहर्स्ट में अधिकारी के रूप में भी प्रशिक्षण लिया है। 1961 में 15 साल की उम्र में उन्हें क्राउन प्रिंस और 1967 में 21 वर्ष की आयु में सुल्तान घोषित किया गया और 1 अगस्त, 1968 को विधिवत रूप से राजसिंहान पर बैठे।

दुनिया का सबसे बड़ा महल
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार सुल्तान का राजमहल इस्ताना नुरुल ईमान दुनिया का सबसे बड़ा आवासीय महल है। बीस लाख वर्ग फुट में बने इस महल के गुंबद में सोना लगा है, जिसकी कीमत भारतीय रुपयों के अनुसार करीब 2,550 करोड़ रुपये होगी। महल में 1,700 से ज्यादा कमरे हैं। इसके अलावा महल में पांच स्विमिंग पूल, 257 स्नानघर, 110 गैरेज और 30 बंगाल टाइगर और विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों साथ एक निजी चिड़ियाघर भी है।

7000 से ज्यादा लग्जरी कारें
सुल्तान के पास दुनिया का सबसे बड़ा निजी कार संग्रह भी है, जिनकी अनुमानित कीमत पांच अरब डॉलर है। उनके संग्रह में 7,000 से अधिक लग्जरी कारें हैं, जिनमें 500 रोल्स रॉयल, 300 फरारी हैं, जो अपने आप में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड है। उनके पास एक सोना-प्लेटेड रोल्स-रॉयस सिल्वर स्पर II कार भी है। इसके अलावा सोने से निर्मित कई और कारें भी हैं। इतना ही नहीं ब्रुनेई की प्रति हजार की आबादी में करीब 997 लोगों के पास खुद की कारें हैं।

तीन शादियां और 12 संतानें
सुल्तान बोल्किया ने तीन शादियां की हैं। पहली शादी 1965 में राजा इस्तेरी पेंगरिरन अनक हजाह सालेह से हुई, जो वर्तमान में ब्रुनेई राजपरिवार की महारानी हैं। दूसरी शादी एयर होस्टेज हजाह मरियम से 1981 में हुई, जिनसे 2003 में तलाक हो गया। सुल्तान ने तीसरी शादी पत्रकार अजरिनाज मजहर से 2005 में की, जो पांच वर्ष ही चल सकी और 2010 में तलाक हो गया। सुल्तान के पांच बेटे और सात बेटियां हैं।

उड़ता महल
सुल्तान के पास वर्ष 1979 से वीआईपी विमानों का एक निजी बेड़ा है, उनका बोइंग 747-400, जिसे ‘उड़ता महल’ कहा जाता है, उसे भव्य रूप से सोने और लालिक क्रिस्टल से सजाया गया है। कहा जाता है कि इस विमान की कीमत लगभग 40 करोड़ डॉलर है।

नाई को देते हैं हजारों डॉलर
सुल्तान बोल्किया अपने बाल कटवाने पर एक बार में बीस हजार डॉलर तक खर्च करते हैं। उनके पसंदीदा नाई को लंदन से ब्रुनेई लाया जाता है। बोल्किया एक कुशल पायलट हैं, उन्हें स्क्वैश और बैडमिंटन खेलना काफी पसंद है।

घोड़ों के लिए एयर कंडीशंड अस्तबल
ब्रुनेई के सुल्तान अपने घोड़ों के प्रति प्रेम के लिए जाने जाते हैं। उनके पास विभिन्न प्रकार के घोड़ों के लिए एक निजी अस्तबल है, जो पूरी तरह वातानुकूलित है। वह नियमित रूप से घुड़सवारी कार्यक्रमों में भाग लेते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें