सोमालिया में हुए एक अमेरिकी ड्रोन हमले में चरमपंथी गुट अल-शबाब के कम से कम 150 सदस्य मारे गए हैं। पेंटागन ने इस बात की जानकारी दी है।पेंटागन प्रवक्ता कैप्टन जैफ डेविस ने कहा कि इस हमले में एक ट्रेनिंग कैंप को निशाना बनाया गया जहां बड़े पैमाने पर हमले की योजना बनाई जा रही थी।
कैप्टन डेविस के मुताबिक, "हमें पता है कि वो कैंप छोड़कर निकलने वाले थे और अमेरिकी और अफ्रीकी सेनाओं के लिए ख़तरा बनने वाले थे।" उनका कहना है, "शुरुआती आकलन से लगता है कि डेढ़ सौ से ज्यादा चरमपंथी लड़ाकों को मार दिया गया है।"
डेविस ने कहा कि शनिवार के हमले में राजधानी मोगादिशु के उत्तर में करीब 195 किलोमीटर दूर कैंप को निशाना बनाया गया था। इस कैंप पर काफी समय से नजर रखी जा रही थी।