सऊदी अरब के सेंट्रल बैंक ने कहा है कि उसने कतर की मुद्रा कतरी की ट्रेडिंग बंद नहीं की है। बैंक ने कहा है कि सऊदी अरब के कतर के साथ राजनयिक रिश्ते खत्म होने के बावजूद कतरी को रियाल में बदला जा सकता है। सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और मिस्र ने 5 जून को कतर के साथ राजनयिक संबंध खत्म कर दिए थे।
इन देशों ने कतर पर यात्रा प्रतिबंध भी लगाए थे। सऊदी अरब ने वहां रह रहे कतर के लोगों को देश से चले जाने का भी आदेश दिया था। हालांकि पिछले दिनों सऊदी अरब के सुल्तान सलमान बिन अब्दुल अजीज ने कतर के मुसलमानों को हज के लिए अपने मक्का आने की इजाजत दे दी थी। इसके लिए उन्हें अलग से इलेक्ट्रॉनिक परमिट जारी किए जाएंगे और सलवा बंदरगाह पर दोनों मुल्कों की सीमाओं को खोलने का फैसला किया गया है।
पढ़ें: सऊदी एयरलाइन्स में यात्रियों के लिए ड्रेस कोड जारी, महिलाओं समेत पुरूषों को शरीर ढकने की हिदायत
इसके अलावा सुल्तान सलमान बिन अब्दुल अजीज ने सऊदी एयरलाइंस के प्राइवेट जेट विमानों को तीर्थयात्रियों को लाने के लिए दोहा भेजने का भी फैसला किया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक सऊदी सेंट्रल बैंक ने एक बयान में कहा है, क़तर के नागरिक लाइसेंसधारी बैंकों और मनी चेंजर्स से अपनी मुद्रा रियाल में बदल सकते हैं।
कतर पर प्रतिबंध लगाने के बाद सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के कई बैंकों ने कतर में जमा अपनी रकम निकाल ली थी। कतर ने पिछले महीने सऊदी अरब पर कतर के तीर्थयात्रियों को मक्का आने से रोकने और हज यात्रा के राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में सऊदी अरब के विदेश मंत्री अदेल अल-जुबैर ने कहा कि कतर इस मुद्दे का अंतरराष्ट्रीयकरण करने की कोशिश कर रहा है।
पढ़ें: कतर ने 80 देशों के लोगों के लिए की फ्री वीजा एंट्री की घोषणा, भारत भी शामिल