ईरान और सऊदी अरब के बीच जुबानी जंग कोई नई बात नहीं है, लेकिन सऊदी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान इस बार ईरान के प्रमुख नेता को मध्य पूर्व का हिटलर करार दिया। सलमान की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देने में ईरान ने भी देरी नहीं की। ईरान का कहना है कि सऊदी के क्राउन प्रिंस 'अपरिपक्व' हैं।
ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रिंस मोहम्मद बिल सलमान को क्षेत्रीय तानाशाहों की नियति पर विचार करना चाहिए।
जाहिर है कि प्रिंस सलमान सऊदी के वास्तविक शासक हैं और उन्होंने ईरान के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया है। सलमान ने न्यूयॉर्क टाइम्स से कहा है कि मध्य-पूर्व में किसी को अपना प्रभाव जमाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने न्यूयॉर्क टाइम्स से कहा, ''मैंने यूरोप से सीखा है कि तुष्टीकरण काम नहीं करता है। जो यूरोप में हुआ उसे मैं मध्य-पूर्व में होने नहीं देना चाहता। मैं ईरान में कोई नया हिटलर का उदय नहीं चाहता हूं।'' सलमान के निशाने पर ईरान के प्रमुख नेता अयोतुल्लाह अली खमेनई थे।
पढ़ें: वो जेल जहां कैद हैं 11 सऊदी राजकुमार
प्रिंस सलमान की इस टिप्पणी पर ईरान ने भी कड़ा ऐतराज जताया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम कासेमी ने सलमान पर दुःसाहस करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सलमान अपरिपक्व हैं और विवेकहीन, बेबुनियाद आरोप लगाते हैं। ईरान की प्रतिक्रिया ईस्ना समाचार एजेंसी के जरिए आई है।