ईरान में हाल ही में 8 मॉडलों को गिरफ्तार किया गया था। इन मॉडलों में गिरफ्तार इल्हाम अरब नाम की महिला मॉडल को बिना हिजाब पहने खुले बालों की तस्वीर इंस्टाग्राम पर अपलोड करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इस घटना के बाद ईरान में मॉडलिंग इंडस्ट्री में काम करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। अब ईरान को लगता है कि किम कादर्शियां इंस्टाग्राम के लिए एक जासूस के रूप में काम करती हैं। दुनिया की सबसे मश्हूर टीवी स्टार और मॉडल पर यह इल्जाम ईरान ने लगाए हैं।
न्यूड सेल्फी अपलोड करने के लिए मश्हूर किम कादर्शियां को लेकर सरकार के धार्मिक गुरुओं ने कहा, 'ऐसे लोग सोशल मीडिया का इस्तेमाल हमारी संस्कृति और इस्लामिक मूल्यों को खत्म करने के लिए करते हैं।'
ईरान की इस्लामी परंपराओं और विदेशी दखल से बचाने के लिए बनाई गई रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प के अधिकारियों ने सवाल किया है कि इंटरनेट पर किम कादर्शियां की लोकप्रियता क्यों है। रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प का मानना है इंस्टाग्राम के बॉस केविन सिसट्रॉम ने नौजवान महिलाओं और पुरुषों को गुमराह करने के लिए किम कादर्शियां को नियुक्त किया है।
मिलिटेंट ग्रुप के प्रवक्ता मोस्तफा अलीजादेह ने लोकल न्यूज आउटलेट ईरान वायर से कहा कि,'किम कादर्शियां इंस्टाग्राम पर एक लोकप्रिय मॉडल हैं इसलिए इंस्टाग्राम के सीईओ ने जासूसी के लिए किम कादर्शियां को चुना। और इसमें शक की कोई गुंजाइश नहीं है कि इस काम के लिए उन्हें पैसे भी दिए जाते हैं।'
यह पहली बार नहीं है जब ईरान की सत्ता ने पश्चिम की टेक्नॉलोजी कम्पनी पर जासूसी का इल्जाम लगाया हो। इंस्टाग्राम से पहले इस तरह के आरोप गूगल पर भी लगाए गए थे। ईरान ने 2012 में गूगल को एक जासूस सर्च इंजन कहा था।