पाकिस्तान पीएम इमरान खान ने आईएमएफ, सऊदी अरब और चीन के बाद देश के आर्थिक संकट से निपटने के लिए ने संयुक्त अरब अमीरात का दामन थामा है। उन्होंने अबुधाबी के राजकुमार से द्विपक्षीय, क्षेत्रीय तथा आपसी हितों के विभिन्न मुद्दों के साथ-साथ आर्थिक सहयोग पर भी चर्चा की। डॉन अखबार ने सूत्रों के हवाले से संभावना जताई है कि पाक को आर्थिक मदद देने के लिए यूएई तैयार हो गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक यदि यूएई से मदद मिलती है तो वित्तीय संकट का सामना कर रहे पाकिस्तान की आईएमएफ के सहायता पैकेज पर निर्भरता कम हो सकती है। पिछले दो महीनों में खान का यूएई का यह दूसरा दौरा है। उन्होंने प्रेजिडेंशल पैलेस में अबुधाबी के युवराज और यूएई के सशस्त्र बलों के उप सर्वोच्च कमांडर शेख मोहम्मद बिन जाएद से मुलाकात की। उनके साथ विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी और वित्त मंत्री असद उमर तथा चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल कमर जावेद बाजवा भी शामिल रहे।
संभावना है कि इमरान खान यूएई के उप राष्ट्रपति और पीएम शेख मोहम्मद बिन राशिद से भी वित्तीय संकट को लेकर मुलाकात कर सकते हैं। अखबार ने कहा कि यूएई से अच्छे संकेत मिल रहे है और सरकार को अच्छा पैकेज मिलने की उम्मीद है।
खान का इसके बाद एक बार और चीन यात्रा का कार्यक्रम है। पाक सरकार चीन सरकार के साथ भी सहायता पैकेज पर बात कर रही है। हालांकि वित्त मंत्री उमर ने आईएमएफ की शर्तों और प्रधानमंत्री के यूएई दौरे के बीच किसी तरह के संबंध से इनकार किया है।