इराक की राजधानी बगदाद के दक्षिण पूर्वी इलाके में शनिवार को हुए कार बम धमाके में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन और पुलिस के मुताबिक धमाके में करीब 42 लोग घायल हुए हैं। स्थानीय पुलिसकर्मियों के मुताबिक यहां स्थित पवित्र स्थल काधीमियाह जा रहे शिया श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर यह हमला किया गया।
हालांकि अन्य इराकी सुरक्षा बलों का कहना है कि एक बाजार को निशाना बनाकर हमला किया गया। गौरतलब है कि 8वीं शताब्दी में बने इमाम मूसा अल-काधिम की दरगाह पर उनकी पुण्य तिथि की याद में सालाना आयोजन होता है।
इसमें शामिल होने के लिए इराक भर से हजारों शिया मुस्लिम पैदल चलकर यहां पहुंच रहे थे। फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि आतंकी संगठन आईएस ने इसके पहले बगदाद में शियाओं को निशाना बनाकर इस तरह के कई हमले किए हैं।
आईएस की नजर में शिया मुस्लिम धर्मच्युत हो चुके हैं और उनका कत्ल करना जायज है। भ्रष्टाचार और बेरोजगारी की समस्या से निपटने में नाकाम रहने के कारण पहले से ही राजनीतिक दबाव का सामना कर रहे इराक के प्रधानमंत्री हैदर अल अबादी की मुश्किलें इस हमले से और बढ़ गई हैं।