उत्तर-पश्चिम सीरिया में विद्रोहियों के कब्जे वाले गांव अल-जिना में मस्जिद पर किए गए हवाई हमलों से 42 नमाजियों क मौत हो गई जबकि दर्जनों लोगों के घायल होने के समाचार हैं। ब्रिटेन आधारित युद्ध निगरानी दल और सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट ने इसकी पुष्टि की है। उधर, सीरिया में इस्राइली हवाई हमलों की श्रंखला के तहत शुक्रवार को हुए इन हमलों के तुरंत बाद सीरिया से इस्राइली इलाके में एंटी एयरक्राफ्ट मिसाइलें दागीं, जिनमें से एक को इस्राइल सेना ने नष्ट कर दिया है। इससे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है।
अमेरिका ने दावा किया है कि उसने उत्तरी सीरिया में अल-कायदा की बैठक को लक्ष्य करके गंभीर हवाई हमले किए हैं, लेकिन मस्जिद पर हुए हमले का खंडन किया है। सीरिया में अलेप्पो के पास जब अल-जिना गांव की मस्जिद पर हवाई हमला हुआ था तब यहां बड़ी संख्या में लोग शाम की नमाज अदा कर रहे थे। फिलहाल अभी तक इस मलबे से सभी लोगों को निकाला तक नहीं जा सका है। ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट के प्रमुख रमी अब्देल रहमान ने बताया कि इस हमले में 100 से भी अधिक लोग घायल हुए हैं। बचाव दल मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाल रहा है।
दूसरी तरफ, इस्राइल सेना ने कहा कि सीरिया में हवाई हमला करने वाले जंगी विमानों का पीछा करते हुए सीरिया ने इस्राइली नियंत्रण वाले इलाके में एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइलें दागी हैं। हालांकि इस्राइल के जंगी विमान सीरिया में अपना लक्ष्य साधकर वापस अपने इलाके में आ चुके थे। इस बीच इस्राइल के हवाई रक्षा सिस्टम ने इनमें से एक मिसाइल को बीच में ही रोक दिया। सेना ने यह नहीं बताया कि सीरिया की मिसाइलों से इस्राइल नियंत्रण वाला कितना क्षेत्र प्रभावित हुआ है लेकिन कहा है कि इससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इस्राइल के वेस्ट बैंक स्थित जॉर्डन घाटी इलाके में मिसाइल से होने वाले जोरदार धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई।
मस्जिद पर नहीं किए गए थे हवाई हमले : अमेरिका
अमेरिकी सेना का दावा है कि उसने उत्तर सीरिया पर अल-कायदा की बैठक को लक्ष्य करके हवाई हमले किए थे। लेकिन मस्जिद पर होने वाला हमला उसने नहीं किया था। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता जॉन जे. थॉमस के मुताबिक उसकी सेना ने मस्जिद से 50 फुट दूर स्थित एक भवन पर हमला किया था जहां यह बैठक आयोजित हो रही थी। अमेरिका ने कहा कि उसका इरादा अल-कायदा के आतंकियों को मारना था।
युद्ध खत्म होने के फिलहाल कोई आसार नहीं
सीरिया में पिछले कई वर्षों से जारी गृहयुद्ध में राष्ट्रपति बशर-अल असद तो सुरक्षित हैं, लेकिन सीरियाई युद्ध के खत्म होने के आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं। एक दिन पहले ही राजधानी दमिश्क की एक अदालत परिसर में होने वाले आत्मघाती बम धमाकों में 31 लोग मारे गए थे। यह हमला बशर-अल असद के खिलाफ शुरू हुए विद्रोह की छठी वर्षगांठ पर किया गया था। इस गृहयुद्ध में अब तक सीरिया के भीतर 3,20,000 से अधिक नागरिक मारे जा चुके हैं।