अफगान की मानवाधिकार कार्यकर्ता, पूर्व मंत्री और बुर्का विरोधी सिमा समर को बृहस्पतिवार को स्वीडिश राइट लाइवलीहुड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनको दिया जाता है, जो दूसरों की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए काम करते हैं। जूरी ने अपने एक बयान में कहा कि समर (55) को विश्व में सबसे ज्यादा जटिल व खतरनाक क्षेत्रों में से एक में मानव अधिकारों खासकर महिलाओं के अधिकारों के लिए लंबे समय तक साहसिक संघर्ष करने के लिए सम्मानित किया गया।
उन्होंने 2012 राइट लाइवलीहुड अवॉर्ड को अमेरिकी राजनीतिक विचारक जीन शार्प (84) और एक गैर सरकारी संगठन के साथ साझा किया। तीनों विजेताओं को इनाम के तौर पर 193,000 डॉलर मिले, जिसे उन्होंने आपस में साझा किया। मालूम हो कि समर 2001 में अपने देश के महिला मामलों की पहली मंत्री बनी थीं, लेकिन कनाडा में एक टीवी इंटरव्यू में शरिया कानून की आलोचना करने के बाद उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। बाद में 2002 में वह अफगानिस्तान के मानव अधिकार आयोग की प्रमुख बनीं, जो अब तक हैं।