ब्रिटेन के वित्त मंत्री और इंफोसिस के सह संस्थापक नारायणमूर्ति के दामाद ऋषि सुनाक की एक पोस्ट ने वहां की सबसे पुरानी चाय कंपनी के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। बजट की तैयारियों में जुटे सुनाक ने अपनी टीम के लिए चाय बनाते हुए एक तस्वीर ट्वीट की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तूफान आया।
सुनाक को दो हफ्तों के भीतर अपना पहला बजट पेश करना है। माना जा रहा है कि उत्तरी इंग्लैंड के यॉर्कशायर में इन्फ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने के लिए बड़ी योजनाएं पेश की जा सकती हैं। ऋषि सुनाक इसी क्षेत्र के रिचमंड से सांसद हैं।
पिछले शुक्रवार को 39 वर्षीय सुनाक ने ट्विटर पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह यॉर्कशायर टी के एक बड़े पैकेट के साथ दिख रहे हैं। उन्होंने इस तस्वीर के साथ लिखा, 'बजट की तैयारियों के बीच टीम के लिए चाय बनाने को एक फटाफट वाला ब्रेक। यॉर्कशायर ब्रू जैसा कुछ नहीं।'
इसके बाद सोशल मीडिया पर ट्रोलर उनकी आलोचना करने लगे। खासतौर से वे लोग जो कंसर्वेटिव पार्टी के विरोधियों की ओर से। उन्होंने ब्रिटेन के सबसे पुराने ब्रांड यॉर्कशायर टी को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया।
बहुत से लोगों ने तो सोशल मीडिया पर इस कंपनी की चाय का ही बहिष्कार करने की घोषणा कर दी। इस वजह से कंपनी को सोशल मीडिया पर बयान जारी कर स्पष्टीकरण देना पड़ा। कंपनी ने लिखा कि इस पोस्ट का कंपनी से कोई लेना देना नहीं है।
हालांकि चाय की प्याली में उठा विवाद थमा नहीं। यॉर्कशायर टी को निवेदन करना पड़ा कि कंपनी के प्रति उदारता बरती जाए।