चीनी मीडिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एससीओ सम्मेलन के लिए प्रस्तावित यात्रा का स्वागत किया है और कहा कि वह अपनी धरती पर भारतीय प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए बेताब है। वहीं, कुछ पश्चिमी मीडिया संस्थानों ने मोदी की इस यात्रा को अमेरिका के खिलाफ बचाव करने के प्रयास के रूप में पेश किया है।
चीन की सरकार के मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स ने पश्चिमी मीडिया के इस नजरिये को एकतरफा करार दिया है। उसका कहना है कि मुक्त व्यापार की रक्षा करना और एकतरफा टैरिफ का विरोध करना आज दुनिया के ज्यादातर देशों की साझा इच्छा है। पीएम मोदी अगर चीन की यात्रा करते हैं तो इससे न सिर्फ दोनों देशों के संबंधों में सकारात्मक गति को बल मिलेगा, बल्कि पूरी दुनिया को एक नई दिशा मिलेगी। पीएम मोदी की संभावित चीन यात्रा ऐसे समय में होने जा रही है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ जंग छेड़ रखी है। शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने के आखिर में चीन जाएंगे। इस खबर ने भी दुनिया का ध्यान खींचा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होनी बाकी है।
भारत-चीन के द्विपक्षीय रिश्तों में हो रहा सुधार
2020 में गलवां संघर्ष के बाद भारत और चीन के रिश्ते पटरी से उतर गए थे। दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास की कमी आ गई थी। लेकिन चार साल बाद 2024 में कजान में पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई मुलाकात के बाद दोनों देशों के संबंधों पर जमी बर्फ पिघल रही है। पिछले दिनों राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहाकर अजीत डोभाल, विदेश मंत्री एस जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक के बाद एक चीन की यात्रा की है। अब सात साल बाद पीएम मोदी चीन जाने वाले हैं। चीन 31 अगस्त से 1 सितंबर तक तियानजिन में एससीओ शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।
ट्रंप की टैरिफ नीति, चीन के लिए बेहतर अवसर
ऐसे अनुकूल माहौल में ट्रंप की एकतरफा टैरिफ नीति ने चीन को भारत के साथ संबंधों को और तेजी से सुधारने का बेहतर अवसर दे दिया है। वह भारत के साथ रिश्ते सुधारने की कोशिश भी कर रहा है। ग्लोबल टाइम्स ने पीएम मोदी की संभावित चीन यात्रा का स्वागत करते हुए कहा कि भारत-चीन के बीच बेहतर संबंध न केवल दोनों देशों को फायदा देंगे, बल्कि पूरी दुनिया के लिए यह एक अच्छा परिणाम साबित होगा। दोनों देशों के एक साथ आने से दुनिया को नई दिशा मिलेगी।
कहा-एससीओ में मोदी का आना मित्रता का समागम
बीजिंग। चीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस महीने के अंत में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के तियानजिन शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नियोजित यात्रा का स्वागत किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा, हमारा मानना है कि सभी पक्षों के सम्मिलित प्रयास से, तियानजिन शिखर सम्मेलन एकजुटता, मित्रता और सार्थक परिणामों का एक समागम होगा, और एससीओ अधिक समन्वय के साथ विकास के एक नए चरण में प्रवेश करेगा।