जॉर्जिया के गुडौरी में एक रेस्तरां में 11 भारतीय नागरिकों की मौत कार्बन मोनोऑक्साइड (जहरीली गैस) फैलने से हुई। यह एक भारतीय रेस्तरां था। सूत्रों के मुताबिक, इन मृतकों में अधिकांश पंजाब से हैं। भारतीय दूतावास इस समय मृतकों के शव को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटा है।
दूतावास ने सोमवार को पुष्टि की कि गुडौरी में रेस्तरां में 11 भारतीय नागरिकों मौत हुई और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई। दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और शवों को जल्द से जल्द भारत भेजने के लिए काम कर रहा है।
एक बयान में दूतावास ने कहा, हम मृतकों के परिवारों से संपर्क में हैं और हम हर संभव मदद प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वहीं, जॉर्जिया के गृह मंत्रालय ने बताया कि मृतक भारतीय नागरिक रेस्तरां की दूसरी मंजिल पर पाए गए थे। प्रारंभिक जांच में उनके शरीर पर कोई चोट के निशान या हिंसा के कोई संकेत नहीं मिले।
मंत्रालय ने कहा, कुल 12 लोग मृत पाए गए, जिनमें से 11 भारतीय नागरिक थे और एक जॉर्जिया का नागरिक था। मंत्रालय ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक एक पावर जेनरेटर को बंद कमरे में रखा गया था, शायद बिजली जाने के बाद उसे चालू किया गया। गैस के कारण यह हादसा हुआ। मंत्रालय ने यह भी बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फोरेंसिक मेडिकल परीक्षण किए जा रहे हैं और मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। यह हादसा एक भारतीय रेस्तरां में हुआ है और मामले की जांच जारी है।