इस्राइली सेना ने रविवार को गाजा सिटी में हमास के 130 ठिकानों पर हमले किए। इसमें हमास का एक सीनियर फील्ड कमांडर मारा गया और भूमिगत बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। इस्राइली सेना (आईडीएफ) के हवाले से द यरूशलम पोस्ट ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि सैन्य अभियान उत्तर, मध्य व दक्षिण गाजा में चलाया गया। इस दौरान इस्राइली सेना ने सुरंग, शाफ्ट्स व युद्ध इकाइयों को निशाना बनाया। अभियान के दौरान खुफिया इकाइयों व शिन बेट ने सटीक जानकारी उपलब्ध कराई।
सैन्य अधिकारियों ने बताया कि 24 जुलाई को मध्य गाजा में हुए एक हवाई हमले में हमास की अल-फुरकान बटालियन के डिप्टी कमांडर सलाह अल-दीन जात्रा की मौत हो गई। जात्रा ने युद्ध सहायता अभियानों की निगरानी की थी और इस्राइली नागरिकों व सैनिकों पर हमलों की योजना बनाई थी। उधर, 99वीं डिवीजन की नाहल ब्रिगेड के सैनिकों ने उत्तरी व मध्य गाजा में सुरंगों का पता लगाया और कई हमास लड़ाकों को खत्म करने के लिए टैंकों का इस्तेमाल किया।
162वीं डिवीजन की 401वीं ब्रिगेड की टोही टीमों ने आईडीएफ लाइनों के पास आ रहे चार हमास लड़ाकों की पहचान की। कुछ ही क्षणों बाद एक हवाई हमले में ये लड़ाके मारे गए। दक्षिण में गाजा डिवीजन 143वीं व 36वीं ने सुरंग नेटवर्क व रॉकेट भंडार गृहों के रूप में इस्तेमाल की जाने वाली इमारतों को निशाना बनाकर नष्ट कर दिया। घनी आबादी वाले इलाकों में हुई नजदीकी मुठभेड़ों में कई हमास लड़ाके भी मारे गए। उधर, बेइत हनौन इलाके में हमास के कुछ लड़ाकों ने इस्राइली सेना के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
राशन वितरण स्थल पर जुटे 23 फलस्तीनी मारे गए
गाजा पट्टी में रविवार को खाने की तलाश में एक राशन वितरण स्थल पर जुटे फलस्तीनियों पर इस्राइल के सैनिकों ने गोलियां बरसा दीं। इसमें कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी यूसुफ आबेद ने बताया कि लोगों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी गईं। उन्होंने बताया कि उनके आसपास खून से लथपथ तीन लोग जमीन पर पड़े थे।
गाजा में स्थापित हो सकता है अंतरराष्ट्रीय प्रशासन
एन12 का हवाला देते हुए द यरूशलम पोस्ट ने एक रिपोर्ट में दावा किया है कि इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक नए व्यापक बंधक व युद्ध विराम प्रस्ताव पर काम कर रहे हैं। इसमें बंधकों की रिहाई और गाजा पट्टी के भविष्य पर हमास को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया गया है। प्रस्ताव में हमास को हथियार डालने और सभी बंधकों को तत्काल रिहा करने की मांग शामिल है। इन शर्तों के पूरा होने पर गाजा पट्टी में अमेरिका के नेतृत्व में एक अंतरराष्ट्रीय प्रशासन की स्थापना की जाएगी।
कंकाल हो चुका इस्राइली बंधक बोला-खोद रहा अपनी ही कब्र
हमास ने शनिवार को इस्राइली बंधक एव्यातार डेविड का एक और वीडियो जारी कर चेतावनी दी। नए वीडियो में इस्राइली बंधक डेविड काफी कमजोर दिखाई देता है। वह एक गड्ढा खोदता हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में डेविड यह कहता हुआ सुना जा जा सकता है- लग रहा है मैं अपनी कब्र खोद रहा हूं। मेरा शरीर दिन-प्रतिदिन कमजोर होता जा रहा है। मैं सीधे अपनी कब्र की ओर जा रहा हूं। शायद मुझे यहीं दफना दिया जाएगा। मैंने कई दिनों से कुछ नहीं खाया है। ताजा वीडियो के बाद इस्राइल में बंधकों की रिहाई के लिए प्रदर्शन तेज हो गए हैं।
सिडनी में फलस्तीन समर्थक रैली में जुटे हजारों लोग
ऑस्ट्रेलियाई शहर सिडनी के मशहूर हार्बर ब्रिज पर फलस्तीन के समर्थन में हजारों लोगों ने रैली की। लोग गाजा में शांति की स्थापना व सहायता सामग्री की आपूर्ति की मांग कर रहे थे।