गाजा में शांति बहाली के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ को अपने 'बोर्ड ऑफ पीस' में बुलाया है। इस वैश्विक पहल में 60 देश शामिल होंगे। पाकिस्तान ने न्योता मिलने की पुष्टि की और फिलिस्तीन मुद्दे के स्थायी समाधान के लिए सहयोग देने का भरोसा जताया है।
इस्राइल गाजा संघर्ष के बीच पाकिस्तान ने रविवार को जानकारी दी कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को गाजा के लिए बने बोर्ड ऑफ पीस में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को इस बोर्ड के सदस्यों की एक सूची जारी की थी। यह पहल गाजा के लिए ट्रंप की 20-सूत्रीय शांति योजना के दूसरे चरण का हिस्सा है। राष्ट्रपति ट्रंप खुद इस संस्था के अध्यक्ष हैं।
विज्ञापन
पाकिस्तान ने की पुष्टि
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने मीडिया को बताया कि पाकिस्तान को औपचारिक न्योता मिल गया है। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को अमेरिकी राष्ट्रपति से बोर्ड ऑफ पीस में शामिल होने का निमंत्रण मिला है।" अंद्राबी ने कहा कि पाकिस्तान गाजा में शांति और सुरक्षा की अंतरराष्ट्रीय कोशिशों में सहयोग करता रहेगा, ताकि संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के मुताबिक फिलिस्तीन मुद्दे का स्थायी हल निकल सके।
60 देशों के प्रमुखों को बुलावा
व्हाइट हाउस के मुताबिक, इस बोर्ड में कूटनीति, विकास और आर्थिक रणनीति के अनुभवी नेताओं को जगह दी गई है। इसमें तुर्की, मिस्र, ब्रिटेन, जर्मनी, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया समेत करीब 60 देशों के प्रमुखों को शांति संस्था में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। इस पैनल में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर, विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा और ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर भी शामिल हैं।