पश्चिम एशिया में बीते 21 महीने से जारी टकराव थम सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संघर्षविराम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि इस्राइल ने 60 दिनों के सीजफायर पर सहमति जताई है। उन्होंने हमास को संघर्षविराम मानने की चेतावनी दी है। जानिए ट्रंप ने संघर्षविराम को लेकर और क्या कहा...
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में जारी हिंसक संघर्ष को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल- ट्रुथ सोशल पर संघर्षविराम होने की संभावनाओं के संकेत दिए। ट्रंप ने कहा है कि इस्राइल 60 दिनों का युद्धविराम करने पर सहमत हो गया है। उन्होंने लिखा, 'मेरे प्रतिनिधियों ने गाजा पर इस्राइल के लोगों के साथ लंबी और सकारात्मक नतीजे देने वाली बैठक की।' उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान इस्राइल ने 60 दिन के युद्ध विराम को अंतिम रूप देने के लिए आवश्यक शर्तों पर सहमति व्यक्त की है।
कतर और मिस्र के लोगों ने शांति बहाल करने में बहुत मेहनत की
विज्ञापन
इस्राइल के साथ बीते 20 महीने से अधिक समय से जारी संघर्ष को खत्म कराने का कई बार वादा कर चुके ट्रंप अब सख्ती भी दिखाते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा, '60 दिनों के सीजफायर के दौरान हम युद्ध को समाप्त करने के लिए सभी पक्षों के साथ काम करेंगे। कतर और मिस्र के लोगों ने शांति बहाल करने में बहुत मेहनत की है, वे इस अंतिम प्रस्ताव को पेश करेंगे।'
हमास को चेतावनी देते हुए ट्रंप ने कही यह बात
अमेरिकी राष्ट्रपति ने हमास को चेतावनी देने के अंदाज में कहा, मुझे उम्मीद है कि मध्य पूर्व की भलाई के लिए हमास इस समझौते को स्वीकार करेगा, क्योंकि इससे बेहतर स्थिति नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि सीजफायर के लिए राजी न होने पर हालात और खराब ही होंगे।